मणिपुर में व्यक्ति का कटा सिर लौटाने की मांग
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में कथित उग्रवादी हमले में मारे गए 52 वर्षीय अजिनबोउ आर का बिना सिर वाला शव पोस्टमार्टम के लिए इंफाल लाया गया। संयुक्त जनजाति परिषद ने उनके कटे हुए सिर को परिजनों को सौंपने के लिए 48 घंटे की समयसीमा दी है। संगठन ने ऐसा न होने पर कड़े कदम उठाने की चेतावनी दी और हिंसा के लिए राज्य तथा केंद्र सरकारों को जिम्मेदार ठहराया।

इंफाल, एजेंसी। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में सशस्त्र समूहों द्वारा कथित तौर पर मारे गए एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर लौटाने के लिए नगा समुदाय के एक संगठन ने 48 घंटे की समयसीमा दी है। कांगपोकपी जिले के मकुई अशांग गांव में शनिवार को कथित संदिग्ध उग्रवादी हमले में मारे गए 52 वर्षीय अजिनबोउ आर का बिना सिर वाला शव पोस्टमार्टम के लिए रविवार रात इंफाल स्थित जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान लाया गया। शनिवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर भारी हथियारों से लैस और सैन्य वर्दी जैसी पोशाक पहने उग्रवादियों के बीच अजिनबोउ का सिर दिखाई दे रहा है।
संयुक्त जनजाति परिषद ने रविवार को कहा कि जब तक अजिनबोउ के सिर को उनके परिजनों को नहीं सौंपा जाता, तब तक पोस्टमार्टम नहीं किया जाएगा। परिषद ने मणिपुर में नए सिरे से भड़की हिंसा के लिए राज्य और केंद्र सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। संगठन ने कटे हुए सिर का पता लगाकर उसे लौटाने के लिए 48 घंटे की समयसीमा का ऐलान किया है। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर कड़े कदम उठाए जाएंगे।


