मणिपुर में बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद, तीन गिरफ्तार
-सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में की कार्रवाई -पकड़े गए उग्रवादियों के पास आधुनिक

इंफाल, एजेंसी। मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में तीन हथियारबंद उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामान बरामद किया गया है।पहली कार्रवाई 11 सितंबर को हेंगलेप उपमंडल के मुनपी गांव के पास हुई। चुराचांदपुर जिला पुलिस और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने तीन हथियारबंद लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इनके पास से कई रायफल और बड़ी मात्रा में गोलियां मिलीं। इनमें आधुनिक हथियारों के अलावा 7.62 मिलीमीटर की दो एके-47 रायफल, अलग-अलग हथियारों की सात मैगजीन, विभिन्न प्रकार की गोलियां और पांच सामरिक थैले बरामद किए गए।
दूसरी कार्रवाई नालोन और थिंगहिंगजांग गांवों के बीच के इलाकों में की गई।चुराचांदपुर जिला पुलिस और 2 जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री ने यह संयुक्त अभियान चलाया। यह कार्रवाई थांगजिंग पहाड़ी क्षेत्र में अवैध हथियार और गोला-बारूद छिपाए होने की सूचना पर की गई। पुलिस के अनुसार, तलाशी में दो 82 मिलीमीटर मोर्टार, एक देशी रॉकेट और दूरबीन लगी एक एमपी-5 स्वचालित रायफल सहित अन्य विस्फोटक सामान बरामद किया गया है।


