छात्रवृत्ति आवेदन में गलत जानकारी दी तो नहीं मिलेगा लाभ
- आधार, आय और अन्य अभिलेखों में एकरूपता जरूरी, ओटीआर से होगा पंजीकरण आधार, आय प्रमाणपत्र और अन्य अभिलेखों में एकरूपता का होना जरूरी है। आवेदन में किस

जौनपुर, संवाददाता। छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए छात्र-छात्राओं के लिए इस बार आवेदन से पहले ओटीआर यानी वन टाइम रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। ओटीआर पूरा होने के बाद ही विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर है। आवेदन के दौरान आधार, आय प्रमाणपत्र और अन्य अभिलेखों में एकरूपता का होना जरूरी है। आवेदन में किसी तरह की गलत जानकारी दी तो छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिलगा। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले छात्र-छात्रओं को अभिलेखों और ऑनलाइन आवेदन में दर्ज विवरण को लेकर सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा ने कहा है कि आवेदन में गलत, अपूर्ण या संदिग्ध जानकारी दर्ज करने पर छात्र-छात्रा को छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल सकेगा।
ये सावधानी जरूरी
आवेदन में छात्र का नाम, जन्मतिथि समेत अन्य विवरण आधार और संबंधित अभिलेखों के अनुरूप एक समान होना चाहिए। आवेदन पत्र भरते समय मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगी। मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं होने पर पहले आधार में मोबाइल नंबर दर्ज कराने के बाद ही आवेदन करना होगा। आवेदन पूरा होने के बाद उसका प्रिंट निकालना अनिवार्य है। केवल ऑनलाइन आवेदन अथवा बिना प्रिंट के आवेदन पत्र संस्था में जमा करने को मान्य नहीं माना जाएगा। विवाहित छात्रा के मामले में पति के नाम से तहसीलदार की आरे से जारी आय प्रमाणपत्र मान्य होगा। उन्होंने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपये और सामान्य वर्ग के लिए 2 लाख रुपये निर्धारित है।

