प्रेरणा एप से हर माह पांच स्कूलों का निरीक्षण अनिवार्य
हिन्दुस्तान, बरेली
जिले में अधिकारियों को हर महीने प्रेरणा निरीक्षण एप के माध्यम से कम से कम पांच विद्यालयों का निरीक्षण करना होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 25 अगस्त तक निरीक्षण पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसमें पीएम पोषण-विद्यालय निरीक्षण भी शामिल है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निरीक्षण में संलग्न हों।

जिले में अधिकारियों को अब प्रेरणा निरीक्षण एप के माध्यम से हर माह कम से कम पांच विद्यालयों का निरीक्षण करना होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने अगस्त 2026 के निर्धारित लक्ष्य के तहत सभी संबंधित अधिकारियों को 25 अगस्त तक पांच विद्यालयों का निरीक्षण पूरा करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण में विद्यालय की विकास गतिविधियों के साथ पीएम पोषण-विद्यालय निरीक्षण को भी शामिल किया गया है। बीएसए ने सभी उपजिलाधिकारियों, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी से स्वयं लक्ष्य के सापेक्ष निरीक्षण करने तथा अधीनस्थ विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को भी निर्देशित करने को कहा है।
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को भी निर्देशों के अनुपालन के लिए कहा गया है।


