ओपीडी में समय से आएं डॉक्टर, मरीजों न हो परेशानी: डॉ. मांडविया
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार रात वाराणसी के पांडेयपुर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी और वार्ड में मरीजों से फीडबैक लिया तथा डॉक्टरों को समय पर ओपीडी पहुंचने का निर्देश दिया। पिंडरा में एकेडमिक ब्लॉक की जमीन से अतिक्रमण हटाने और निर्माण जल्द शुरू कराने के लिए उन्होंने जिलाधिकारी तथा ईएसआईसी अधिकारियों को निर्देश दिए।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार रात करीब दस बजे पांडेयपुर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। वहां की व्यवस्था देखी। डॉक्टरों को समय पर ओपीडी में आने का निर्देश दिया। इसके अलावा पिंडरा में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के एकेडमिक ब्लॉक की जमीन के बारे में चर्चा की। बताया गया कि जमीन पर एक दो जगह अतिक्रमण है। उन्होंने डीएम को निर्देश दिया कि जल्द इसे हटवाएं। तत्काल निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। रात में अचानक जब वह अस्पताल पहुंचे तो हड़कंप मच गया। सबसे पहले वह इमरजेंसी पहुंचे।
वार्ड में मरीजों से फीडबैक लिया। करीब आधे घंटे तक निरीक्षण के दौरान ईएसआईसी अधिकारियों को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर मेडिकल कॉलेज के एकेडमिक ब्लॉक के निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। मेडिकल कॉलेज के डीन प्रो. संजय केशकर को निर्देश दिया कि ईएसआईसी के क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर के क्षेत्रीय निदेशक से समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाय।

