पेट्रोल लेकर आत्महत्या करने को टावर पर चढ़ा युवक
फोटो है -दारुलशफा के बाहर लगे टावर पर चढ़ा, अयोध्या का रहने वाला है

दो लीटर पेट्रोल से भरी पिपिया लेकर सोमवार सुबह दारुलशफा के बाहर रामकरन सिंह (30) टावर पर चढ़ गया। वह वहां से आत्मदाह की धमकी दे रहा था। पुलिस और दमकल कर्मियों ने किसी तरह उसे समझाकर नीचे उतारा। रामकरन ने जमीन विवाद में रिश्तेदार पर प्रताड़ना, धमकी और पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया है। रामकरन मूल रूप से अयोध्या जनपद के बाबा बाजार इलाके के रामपुर जनक गांव के रहने वाले हैं। एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा के मुताबिक सुबह एक युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची।
रामकरन को समझा बुझाकर किसी तरह नीचे उतारा गया। उसके पास करीब दो लीटर पेट्रोल था। वह आत्मदाह और टावर से कूदने की धमकी दे रहा था। पेट्रोल की पिपिया पुलिस ने कब्जे में ले ली है। नीचे उतरने पर पूछताछ में रामकरन ने बताया कि एक रिश्तेदार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। रिश्तेदार परेशान कर रहे हैं। बाबा बाजार थाने और पुलिस-प्रशासन के अफसरों को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उच्चाधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए यहां आया था। एसीपी ने बताया कि अयोध्या पुलिस और रामकरन के परिवारीजनों को घटना की जानकारी दे दी गई। दोपहर अयोध्या पुलिस पहुंची और रामकरन को लेकर चली गई। आगे की कार्रवाई अयोध्या से ही होगी।


