भूमि विवाद में पूर्व कोटेदार की पीट- पीट कर हत्या
रेउसा इलाके में भूमि विवाद के चलते पूर्व कोटेदार सुशील (60) की गांव के लोगों ने लाठी-डंडे से पिटाई कर दी, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। परिवार को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग है।

रेउसा, संवाददाता। रेउसा इलाके में शुक्रवार को भूमि विवाद में पूर्व कोटेदार की गांव के ही लोगों ने लाठी- डंडे से पिटाई कर दी। इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। रेउसा पुलिस पूर्व में मारपीट में दर्ज मुकदमें में हत्या की धारा बढ़ाने की तैयारी में है। पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। रेउसा के बदलीपुरवा कलिमापुर निवासी पूर्व कोटेदार सुशील (60) का जमीन को लेकर गांव के ही रामपाल उर्फ पल्लू से विवाद चला आ रहा था। बेटे अशोक का आरोप है कि पिता सुशील शुक्रवार दोपहर में जरूरी काम से निकले थे।
घर लौटते समय पिता सुशील रास्ते में रुक कर गांव के पास स्थित खेत देखने लगे। इस बीच रंजिश में पहले से घात लगाए बैठे बदलीपुरवा के रामपाल, अपने परिवार के ही वीरेन्द्र, मुनीफ और उमेश के साथ मिलकर गालियां देते हुए उन्हें रोक लिया। गाली देने का विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे से पिता सुशील की पिटाई कर दी। चीख पुकार पर बीच -बचाव करने पहुंचे गांव के ही प्रमोद कुमार से भी आरोपियों ने अभद्रता कर जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। पिता को पीटे जाने की सूचना पर अशोक भागकर मौके पर पहुंचे तो पिता के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई थी। वह बेहोशी की हालत में पड़े थे। पिता की हालत गंभीर देर आनन- फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रेउसा ले गए। जहां डॉक्टरों ने सुशील का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान देर रात सुशील ने दम तोड़ दिया। रेउसा थाना प्रभारी हनुमंत लाल तिवारी का कहना है कि बेटे अशोक की तहरीर पर पहले ही मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। सुशील की इलाज के दौरान मौत हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। तीन आरोपियों रामपाल, वीरेन्द्र, व मुनीफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी उमेश की तलाश में दबिश दी जा रही है। उधर सुशील की मौत के बाद परिवार वालों को रो- रो कर बुरा हाल हो गया। परिवार वालों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अशोक कुमार का आरोप है कि घटना के बाद वह पिता को लेकर थाने शिकायत करने जा रहे थे। इस बीच आरेापियों ने बीच राह उन्हें घेर लिया। थाने पर शिकायत करने से रोका। शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए चले गये।एक सप्ताह पहले भी हुई थी मारपीट:दोनों पक्षों पक्षों के भीतर अक्सर रंजिश में कहा सुनी हो जाती थी। एक सप्ताह पहले भी दोनों पक्षों के भीतर मारपीट हुई थी। तब रामपाल की तहरीर पर रेउसा पुलिस ने सुशील व उनके परिवार के ही धर्मपाल के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ शांति भंग की कारवाई की गई थी।


