बस्ती के हर्रैया में भूमि विवाद को लेकर घमासान, गंभीर चोट आने से एक व्यक्ति की मौत
हर्रैया थाना क्षेत्र के जिवधरपुर गांव में भूमि विवाद के चलते दो पक्षों के बीच लड़ाई हुई। इस मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। जिले के हर्रैया थानांतर्गत जिवधरपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में घमासान हो गया। मारपीट के दौरान गंभीर चोट लगने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची हर्रैया पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बावत पूछे जाने पर कोतवाल हर्रैया संजय कुमार ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। जिवधरपुर निवासी राजेश कुमार सिंह ने थाने पर प्रार्थना पत्र देकर है कि गांव के रहने वाले सुमित सिंह उर्फ मोनू पुत्र अवध बिहारी सिंह से भूमि विवाद चल रहा है।
आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर सोमवार को रात करीब आठ बजे विपक्षी लाठी-डण्डा लेकर दरवाजे पर चढ़ आए। उनके बड़े भाई शिव कुमार सिंह को अपशब्द कहने लगे। ऐसा करने से उन्होंने ने मना किया। आवाज सुनकर वे और उनका भतीजा सनी सिंह पुत्र विनोद कुमार सिंह घर के अन्दर से बाहर आ गए। देखा कि विपक्षी ललकारते हुए कह रहे थे कि आज जान से मार दो। इतना सुनते ही एक ने भाई शिव कुमार सिंह को घसीटते हुए घर के सामने बनी नाद के पास रखे टायर पर लेकर चले गए। यहां जान से मार डालने की नीयत से बड़े भाई का गला पकड़कर तेजी से धक्का देकर गिरा दिया, जिससे वे बेहोश हो गए। हालत नाजुक देख अन्य लोगों की सहायता से अपने भाई को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हर्रैया ले गए। यहां पहुंचे चिकित्सक ने शिव कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।


