नौबस्ता में पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर युवक ने जान दी
कानपुर में, पति राहुल मिश्रा ने पत्नी से की गई झगड़े के बाद आत्महत्या कर ली। पत्नी मायके चली गई थी और राहुल ने उसे लौटाने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन असफल रहा। शराब के लती होने की वजह से घर में अक्सर विवाद होते थे। पुलिस को पड़ोसियों द्वारा सूचित किए जाने पर शव मिला।

कानपुर। नौबस्ता में पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर युवक ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। शनिवार को कमरे से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच पड़ताल की। यशोदा नगर के-ब्लॉक निवासी 40 वर्षीय राहुल मिश्रा प्राइवेट नौकरी करते थे। परिवार में पत्नी अनूपा और दो बेटियां हैं। परिजन ने बताया कि राहुल शराब का लती था, इस बात को लेकर अक्सर घर में विवाद होता था। रक्षाबंधन से एक दिन पहले उसका पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद पत्नी बेटियों को लेकर अपने मायके चली गई। उसने कई बार पत्नी को कॉल कर घर बुलाने का प्रयास किया, लेकिन पत्नी नहीं लौटी।
तब से वह अत्यधिक शराब पीने लगा। शनिवार को घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खड़खटाया। कुछ जबाव नहीं मिलने पर पुलिस दीवार फांदकर अंदर पहुंची तो उसका शव जमीन पर पड़ा मिला। वहीं गले में रस्सी का फंदा बंधा हुआ था। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान आत्महत्या करने की पुष्टि हुई है। संभवत: शव दो दिन पुराना है। फंदा टूटने के कारण शव जमीन पर पड़ा मिला।


