आधार कार्ड में नाम गलत, परेशान व्यक्ति ने नदी में लगाई छलांग
स्टीमर चालक ने बचाई जान, भीगे कपड़ों से मिला सुसाइड नोटशाहजहांपुर, संवाददाता। आधार कार्ड में नाम गलत दर्ज होने और उसे ठीक न करा पाने की परेशानी में रो

शाहजहांपुर। आधार कार्ड में नाम गलत दर्ज होने और उसे ठीक न करा पाने की परेशानी में रोजा क्षेत्र के बलिया गांव निवासी सत्तार ने शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के गर्रा पुल से नदी में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण पुल के पास तैनात स्टीमर चालक तकी मोहम्मद की नजर उस पर थी। छलांग लगाते ही तकी ने स्टीमर नदी में उतार दिया और करीब दो मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर सत्तार को पानी से बाहर खींच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सत्तार कई बार नदी में गोते लगा चुका था। स्टीमर से उसे बाहर निकालने के बाद स्थानीय लोग भी नदी किनारे पहुंचे और उसे किनारे लाने में मदद की। वह काफी देर तक बेहोश रहा और करीब आधे घंटे बाद उसे होश आया।
सत्तार की परेशानी
होश में आने के बाद सत्तार ने बताया कि कई साल पहले बने आधार कार्ड में उसका नाम गलत दर्ज हो गया था। वह इसे ठीक कराने दोबारा नहीं गया और इसी बात को लेकर परेशान था। सत्तार के पत्नी और दो बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार कपड़ों से एक भीगा हुआ सुसाइड नोट भी मिलने की बात बताई जा रही है
स्टीमर चालक की कार्रवाई
स्टीमर चालक तकी मोहम्मद ने बताया कि वह सत्तार को पुल पर बैठा देख रहा था। जैसे ही उसने नदी में छलांग लगाई, वह तुरंत स्टीमर लेकर उसकी ओर दौड़ा। उसके अनुसार, दो मिनट की देरी होती तो सत्तार गहरे पानी में चला जाता।
पुलिस की जांच
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सत्तार को चौकी ले गई। कोतवाली निरीक्षक प्रदीप रॉय ने बताया कि व्यक्ति को नदी से सुरक्षित निकाल लिया गया है। उसने आधार कार्ड में नाम गलत होने की परेशानी बताई है।


