भाई से मांगी सवा लाख की रंगदारी, गिरफ्तार
हिन्दुस्तान, प्रयागराज
नैनी पुलिस ने 56 वर्षीय कृपाशंकर शुक्ला को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने चचेरे भाई से 1.25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के लिए धमकी भरा पत्र फेंका था। आरोपी ने नशे की लत के कारण पैसे की मांग की और गिरफ्तार होने के समय फिर से पैसे लेने आया था।

नैनी, हिन्दुस्तान संवाद। चचेरे भाई के घर धमकी भरा पत्र डालकर 1.25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में नैनी पुलिस ने 56 वर्षीय कृपाशंकर शुक्ला निवासी पीड़ी, करछना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक देवरख उपरहार निवासी सुशील कुमार शुक्ल के घर 24 अगस्त को धमकी भरा पत्र फेंका गया था। पत्र में 1.25 लाख रुपये की मांग करते हुए रकम न देने पर वादी और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई थी। मामले में 26 अगस्त को अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि सुशील उसका चचेरा भाई है और नशे की लत के कारण उसके पास रुपये नहीं थे। इसलिए उसने डराकर पैसा वसूलने के लिए पत्र लिखा था। 27 अगस्त को वह दोबारा रुपये लेने नैनी आया, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।


