ट्रेंडिंग न्यूज़

अगला लेख

अगली खबर पढ़ने के लिए यहाँ टैप करें

हिंदी न्यूज़ देशस्टेज पर वॉशिंग मशीन के साथ दिखीं ममता बनर्जी, काला कपड़ा डाला और सफेद निकाला; किस पर तंज?

स्टेज पर वॉशिंग मशीन के साथ दिखीं ममता बनर्जी, काला कपड़ा डाला और सफेद निकाला; किस पर तंज?

तृणमूल कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर इसे लेकर एक वीडियो शेयर किया गया जिसमें वॉशिंन मशीन नजर आ रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सीएम ममता काले कपड़े मशीन में डाल रही हैं।

स्टेज पर वॉशिंग मशीन के साथ दिखीं ममता बनर्जी, काला कपड़ा डाला और सफेद निकाला; किस पर तंज?
Niteesh Kumarलाइव हिन्दुस्तान,कोलकाताWed, 29 Mar 2023 10:32 PM
ऐप पर पढ़ें

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की चीफ ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर बुधवार को एक अलग ही अंदाज में निशाना साधा। कोलकाता में आयोजित धरने के दौरान स्टेज पर वह वॉशिंग मशीन के साथ नजर आईं, जिसे TMC की ओर से 'बीजेपी वॉशिंग मशीन' नाम दिया गया। दरअसल, ममता ने इसके जरिए भ्रष्टाचार के आरोपों वाले नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आखिर कैसे भ्रष्टाचारी नेता भगवा दल में शामिल होकर दोषमुक्त हो जाते हैं। 

तृणमूल कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर इसे लेकर एक वीडियो शेयर किया गया जिसमें वॉशिंग मशीन नजर आ रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सीएम ममता काले कपड़े मशीन में डाल रही हैं। इसके बाद वह इससे सफेद कपड़े बाहर निकालती हैं। ममता ऐसा कई बार करती नजर आती हैं। मौके पर मौजूद टीएमसी समर्थकों की ओर से 'BJP वॉशिंग मशीन', 'BJP वॉशिंग मशीन' की नारेबाजी की जा रही है। इसके कुछ देर बाद बंगाल सीएम वह काला कपड़ा पहन लेती हैं जो प्रतीकात्मक रूप से मशीन से निकलने के बाद सफेद हो गया था।

वॉशिंग मशीन बन चुकी है बीजेपी, बोलीं ममता
ममता बनर्जी ने तंज कसते हुए कहा, 'बीजेपी वॉशिंग मशीन बन चुकी है। आप मुझे सभी चोरों और लुटेरों की लिस्ट दीजिए, वे सभी वहां (भाजपा के साथ) बैठे हुए हैं।' उन्होंने सवाल किया कि क्या मुझे संविधान के बारे में उनके प्रवचन सुनने हैं? उन्होंने कहा कि बीजेपी शासन में केंद्रीय एजेंसियों के जरिए विपक्ष को लगातार परेशान किया जा रहा है, लेकिन जैसे ही कोई विपक्षी नेता बीजेपी में शामिल होता है तो वह निर्दोष साबित हो जाता है।

बंगाल के लोगों के प्रति सौतेला व्यवहार का आरोप
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर बंगाल के लोगों के प्रति सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इसके विरोध में उन्होंने बुधवार को एस्प्लेनेड में स्थित बीआर अंबेडकर की प्रतिमा के सामने 2 दिवसीय धरना शुरू किया। टीएमसी सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि केंद्र ने राज्य के लिए मनरेगा परियोजना और उसके आवास व सड़क विभागों की अन्य पहलों के लिए धन जारी नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार पर पश्चिम बंगाल का कुल बकाया 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। टीएमसी सुप्रीमो ने दावा किया कि केंद्र ने मनरेगा और इंदिरा आवास योजना (ग्रामीण) के लिए धन जारी करना बंद कर दिया है। साथ ही ओबीसी छात्रों की छात्रवृत्ति भी बंद कर दी है।