मलेरिया को लेकर चल रहा है व्यापक जनजागरूकता अभियान
सिमडेगा जिले में मलेरिया रोधी माह जून के अवसर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मी गांवों एवं विद्यालयों में मलेरिया से बचाव के उपायों पर जानकारी दे रहे हैं। मुख्य उद्देश्य जन जागरूकता बढ़ाना और मलेरिया के मामलों में कमी लाना है।

सिमडेगा, प्रतिनिधि। मलेरिया रोधी माह जून के अवसर पर मलेरिया विभाग द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न गांवों एवं विद्यालयों में स्वास्थ्य विभाग के एमपीडब्ल्यू पहुंचकर लोगों एवं स्कूली बच्चों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक कर रहे हैं। विद्यालयों में बच्चों को मलेरिया फैलने के कारण, इसके लक्षण, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। साथ ही बच्चों को अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मलेरिया से बचाव के उपाय बताने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मी लोगों को घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने, पानी का जमाव नहीं होने देने, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने तथा बुखार आने पर बिना देर किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दे रहे हैं। सीएस डॉ सुंदर मोहन सामाद ने कहा कि समय पर जांच और उपचार से मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। विभाग का उद्देश्य जनजागरूकता बढ़ाकर जिले में मलेरिया के मामलों में कमी लाना तथा लोगों को इस बीमारी के प्रति सजग बनाना है।-


