नींद की झपकी बनी हादसे की वजह, खड़ी पिकअप में घुसी बोलेरो
आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर शनिवार को नींद की झपकी आने के कारण एक बड़े सड़क हादसे में बोलेरो ने पिकअप को पीछे से टक्कर मारी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि पिकअप 10 मीटर तक खिसक गई और एक बिजली के खंभे से टकराई। हालांकि, कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर शनिवार को नींद की झपकी आने से एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बबराला थाना क्षेत्र के गांव इटऊआ के पास तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप करीब 10 मीटर तक घिसटती हुई बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे खंभा टूट गया। हालांकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के अनुसार, गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी महेश बोलेरो से बबराला की ओर से अपने घर लौट रहे थे। जब वह आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर गांव इटऊआ के पास पहुंचे तो चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई।
इससे बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक दुकान के सामने खड़ी पिकअप में पीछे से जा टकराई।टक्कर का जोर इतना अधिक था कि खड़ी पिकअप करीब 10 मीटर आगे खिसक गई और हाईवे किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराकर उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर बबराला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना बताई जा रही है।


