मुंबई : समाप्ति तिथि से छेड़छाड़ करने पर 76 लाख का माल जब्त
नवी मुंबई में खाद्य पदार्थों की विनिर्माण और समाप्ति तिथि बदलकर उन्हें दोबारा बेचने का बड़ा खेल पकड़ा गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 76 लाख रुपये से अधिक केexpired खाद्य सामान को जब्त किया। यह कार्रवाई साधना एंटरप्राइजेज पर की गई, जहां नामी कंपनियों के उत्पादों के लेबल के साथ छेड़छाड़ की जा रही थी।

ठाणे, एजेंसी। नवी मुंबई में खाद्य पदार्थों की विनिर्माण और समाप्ति तिथि बदलकर उन्हें दोबारा बेचने के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कार्रवाई करते हुए 76 लाख रुपये से ज्यादा कीमत का खाद्य सामान और एक्सपायर्ड स्टॉक जब्त किया है। यह कार्रवाई 24 से 29 अगस्त के बीच नवी मुंबई के तुर्भे इलाके में एक प्रतिष्ठान पर की गई। एफडीए और नवी मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने साधना एंटरप्राइजेज पर छापा मारा। जांच में वहां नामी कंपनियों के खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग और लेबल से छेड़छाड़ की जा रही थी।
अधिकारियों के अनुसार, पुराने पैकेट से असली मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट मिटाई जाती थी। इसके बाद उस पर नई तारीख छापकर या नया स्टिकर लगाकर एक्सपायर्ड सामान को दोबारा बाजार में बेचने की तैयारी की जाती थी। उत्पादों पर दी गई सामग्री और पोषण संबंधी जानकारी वाले मूल लेबल भी बदले जा रहे थे। जब्त सामान में वेफर्स और आलू के चिप्स, नूडल्स, सूप, मेयोनीज और प्रमुख सॉफ्ट ड्रिंक कंपनियों के पेय पदार्थ समेत कई खाद्य उत्पाद शामिल हैं।


