Agra News: दृष्टिबाधित विद्यालय में करोड़ों की अनियमितता का आरोप, प्रधानाचार्य समेत सात पर मुकदमा
Agra News: रुनकता स्थित महाकवि सूरदास दृष्टि बाधित विद्यालय में करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता और अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। इसमें प्रधानाचार्य महेश कुमार समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं और दान में प्राप्त धनराशि का व्यक्तिगत उपयोग करने के आरोप लगाए गए हैं।

Agra News: रुनकता स्थित महाकवि सूरदास दृष्टि बाधित विद्यालय एवं शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान में करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता और अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। संस्थान के प्रबंधक की तहरीर पर सिकंदरा थाने में प्रधानाचार्य समेत सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रबंधक पदम स्वरूप गुप्ता के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) द्वारा कराई गई जांच में दृष्टि बाधित विद्यालय में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आई थीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर दो दिसंबर 2024 को संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए थे।
प्रधानाचार्य और सहयोगियों का अवैध कब्जा
तहरीर के अनुसार प्रधानाचार्य महेश कुमार और उनके सहयोगियों ने वर्ष 2017 से संस्थान पर अवैध कब्जा कर रखा है। आरोप है कि दान में प्राप्त धनराशि को संस्था के खाते में जमा करने के बजाय निजी खातों में जमा कर उसका व्यक्तिगत उपयोग किया गया। संस्था को मिलने वाले अनाज, दाल, कंबल और अन्य सामग्री को बाहर बेचने का भी आरोप लगाया गया है।
फर्जी रसीद पुस्तिकाएं और अभद्रता
शिकायत में यह भी कहा गया है कि संस्था के नाम से फर्जी रसीद पुस्तिकाएं छपवाकर चंदा वसूला गया। विधिवत नियुक्त शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता एवं मारपीट किए जाने के भी आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस कार्रवाई
तहरीर के आधार पुलिस ने विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश कुमार , उनके सहयोगी अमित कुमार, दिनेश कुमार, हरीश कुमार, रामू, बृजेश और मायादेवी को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। सिकंदरा थाना पुलिस ने प्रकरण में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी。


