सीमा पर सब्जियों के बीज की तस्करी का खुलासा, 28.40 किलो बीज के साथ एक गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ एक अभियान के तहत, 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने सब्जियों के बीजों की एक बड़ी खेप बरामद की। एक व्यक्ति, सरोज कुमार, को गिरफ्तार किया गया, जिसने बताया कि उसे नेपाल के लिए बीज ले जाने के लिए कहा गया था। अनियमितताओं के कारण मामला कस्टम ऑफिस को सौंप दिया गया है।

सुपौल से नवीन की रिपोर्ट भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी सतना के विशेष गश्ती दल ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 204/1 के समीप भारत से नेपाल ले जाए जा रहे विभिन्न किस्मों के सब्जियों के बीज बरामद किए। इस मामले में एक व्यक्ति को पकड़ा गया है। एसएसबी के अनुसार 17 अगस्त को शाम करीब छह बजे विशेष गश्ती दल ने एक व्यक्ति को साइकिल पर बोरी लादकर भारत से नेपाल की ओर जाते देखा। संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सुपौल जिले के फतेहपुर निवासी सरोज कुमार के रूप में हुई। पूछताछ में सरोज ने बताया कि वह खोंटाहा स्थित गुलशन नर्सरी में काम करता है। नर्सरी के मालिक उमर फारुक ने उसे एक बोरी सब्जियों के बीज नेपाल के भंटाबारी गांव पहुंचाने के लिए दिया था। हालांकि, वह बीज से संबंधित वैध बिल या अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सका। तलाशी के दौरान बोरी से 11 प्रकार के कुल 722 पैकेट सब्जियों के बीज बरामद हुए, जिनका कुल वजन 28.40 किलोग्राम बताया गया है। बरामद बीजों में सेम, मिर्च, मूली, पालक, पत्तागोभी, चुकंदर, टमाटर, बैंगन, गाजर और फूलगोभी सहित अन्य किस्में शामिल हैं। एसएसबी के मुताबिक, आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने और स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर प्रथमदृष्टया मामला सीमा शुल्क प्रक्रिया पूरी किए बिना अवैध तरीके से भारत से नेपाल सामान ले जाने का पाया गया। बरामद बीज, साइकिल और सरोज कुमार को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम ऑफिस , भीमनगर को सौंप दिया गया। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक बबलू कुमार सिंह समेत अन्य एसएसबी जवान शामिल थे।


