योगीराज की नकली दवा बनाने वाला भवन सील, चार पर केस दर्ज
अम्बेडकरनगर में अवैध दवा बनाने के आरोप में बड़ी छापेमारी की गई। योगीराज कंपनी की शिकायत पर गोपरी चांदपुर के मकान से नकली औषधियों, तेल और रैपरों की बड़ी मात्रा बरामद हुई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया और जिला प्रशासन को भी सूचित किया गया।
अम्बेडकरनगर, संवाददाता। अवैध तरीके से दवा बनाने, नामी कंपनियों ने रैपर लगा कर बिक्री करने की आशंका में हुई छापेमारी में जिले में बड़े पैमाने पर डुप्लीकेसी का खुलासा हुआ है। योगीराज कंपनी की शिकायत पर हुई छापेमारी में काफी मात्रा में अवैध दवा, तेल, मलहम और रैपर बरामद हुआ है गोपरी चांदपुर के मकान को सील कर चार के खिलाफ जैतपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी रणजीत कुमार ने एक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र आजमगढ़ जिला प्रशासन को लिखा है। जनपद में नकली एवं डुप्लीकेट औषधियों के निर्माण, पैकेजिंग एवं अवैध आपूर्ति के खिलाफ प्रशासन की ओर से कार्रवाई की गई है।
डीएम ईशा प्रिया ने शिकायत को संज्ञान में लेकर प्रशासन, पुलिस तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई का आदेश दिया। टीम ने मंगलवार को थाना जैतपुर के गोपरी चांदपुर में छापेमारी और जांच कर कार्रवाई की। जांच में एक मकान से कथित तौर पर नकली, डुप्लीकेट आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक औषधियों के पैकेजिंग एवं भंडारण में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद हुई। मौके पर विभिन्न औषधियों के रैपर एवं लेबल, खाली डिब्बियां, बोतलें, पैकेजिंग सामग्री, होलोग्राम, श्रिक पैकिंग सामग्री सहित उपकरण बरामद हुए। बरामद सामग्री में योगीराज ब्रांड की विभिन्न औषधियों, न्यू आर्थो पावर होम्योपैथिक उत्पादों तथा अन्य कंपनियों के नाम के फर्जी लेबल से संबंधित पैकेजिंग सामग्री मिली। जांच में बड़ी मात्रा में बिना लेबल की डिब्बियां एवं अन्य पैकेजिंग सामग्री भी मिली। जिससे औषधियों की अवैध पैकेजिंग एवं बाजार में आपूर्ति किए जाने की आशंका हुई। शुरू की पूछताछ में मकान मालिक ने बरामद सामग्री को अन्य जनपद से जुड़े व्यक्तियों के माध्यम से प्राप्त कर भंडारण, पैकेजिंग एवं बिक्री करना बताया। इसके क्रम में जिला प्रशासन आजमगढ़ को सूचित किया है। वहां भी विधिक कार्यवाही हो रही है।इस मामले में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ रणजीत कुमार ने मकान स्वामी शिवम पाण्डेय गोपरी चॉदपुर सहित अन्य सम्बन्धित व्यक्तियों शिव चतुर्वेदी चौबुलिया थाना अहरौला जिला आजमगढ़, हरी लाल पाण्डेय ऊसर कुड़वा के पास महराजगंज, आजमगढ़ एवं उत्तम चतुर्वेदी चौबुलिया, अहरौला आजमगढ़ के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 276, 277, 278, 318(4), 340(2), 345, 346, 347, 3(5), एवं औषधि और प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 की धारा 33-I में नियमानुसार प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई है। गोपरी चांदपुर में एडीएम जलालपुर की अगुवाई में और क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी की मौजूदगी में हुई छापेमारी के दौरान कमला पसंद ब्रांड गुटका के भी आठ डब्बे मिले। जिसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।

