नेपाल से गांजा लेकर आ रहा तस्कर गिरफ्तार
सोनबरसा में एसएसबी ने नेपाल से गांजे की बड़ी खेप के साथ एक युवक को पकड़ा। युवक के पास से 16 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 202 किलो था। गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल यादव के रूप में हुई है। पुलिस अब मादक पदार्थ की आपूर्ति के नेटवर्क की जांच कर रही है।

सोनबरसा। नेपाल से गांजे की बड़ी खेप लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे एक युवक को एसएसबी की नाका पार्टी ने पकड़ लिया। उसके सिर पर रखे छह बोरों से लाल प्लास्टिक में पैक 16 पैकेट बरामद हुए। इनमें गांजा जैसा मादक पदार्थ था, जिसका वजन करीब 202 किलो बताया गया। शनिवार की देर रात सोनबरसा बीओपी के जवानों को सूचना मिली थी कि कुछ लोग नेपाल से मादक पदार्थ लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। इसके बाद नाका पार्टी को सतर्क कर दिया गया। रात करीब 1:20 बजे नेपाल की ओर से एक युवक सिर पर सामान लेकर भारतीय क्षेत्र की ओर आता दिखाई दिया।
जवानों ने उस पर नजर रखी और पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद छह बोरों में लाल रंग की प्लास्टिक से पैक 16 पैकेट मिले।जांच में पैकेटों के अंदर गांजा जैसा मादक पदार्थ पाया गया। वजन करने पर इसकी कुल मात्रा करीब 202 किलो निकली। गिरफ्तार युवक की पहचान नेपाल के सर्लाही जिले के मलंगवा थाना क्षेत्र निवासी राहुल यादव (31), पिता गणेश राय के रूप में हुई है। पूछताछ में उसके मलंगवा से आने की जानकारी मिली है। एसएसबी ने बरामद मादक पदार्थ और गिरफ्तार युवक को आगे की कार्रवाई के लिए सोनबरसा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटेगी कि इतनी बड़ी खेप नेपाल से कहां से लाई गयी थी और भारतीय क्षेत्र में इसे किसे सौंपा जाना था।


