किशनगंज : एसएसबी व सुखानी थाना की संयुक्त कार्रवाई, 326 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पौआखाली से अभिषेक कुमार सिंह की रिपोर्ट भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी

पौआखाली से अभिषेक कुमार सिंह की रिपोर्ट भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी 19वीं वाहिनी ई कंपनी सुखानी और सुखानी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 326 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी
जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई की शाम एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे ब्रिज के समीप दो व्यक्ति मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री करने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर एसएसबी एवं सुखानी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। रविवार रात 10:30 बजे कादोगांव रेलवे ब्रिज के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। करीब 11:10 बजे हाईवे की ओर से तेज रफ्तार बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान साजिद आलम (47 वर्ष) एवं तस्वर आलम (28 वर्ष) दोनों निवासी बहादुरगंज थाना क्षेत्र, जिला किशनगंज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से एक प्लास्टिक के थैले में रखे तीन पैकेटों से 326 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कि गई। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में पदार्थ के मादक होने की पुष्टि हुई। तीनों पैकेटों का वजन क्रमशः 126 ग्राम, 101 ग्राम एवं 99 ग्राम पाया गया। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा 972 रुपये नकद भी बरामद किए गए। इस मामले में सुखानी थाना कांड संख्या 40/26 दर्ज कर दोनों आरोपितों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी)/29 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
संयुक्त कार्रवाई
थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने बताया कि एसएसबी एवं सुखानी थाना की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की गई है। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और वाहन जांच को और सख्त किया गया है। इस धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा पूरे नेटवर्क की पहचान कर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


