ट्रैक्टर और कार की आमने-सामने टक्कर, तीन घायल
खूंटी-रांची मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह कार और ट्रैक्टर की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। ट्रैक्टर पलट गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

खूंटी, प्रतिनिधि। खूंटी-रांची मुख्य मार्ग पर बिरहु पतराटोली मोड़ के समीप रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कार और ट्रैक्टर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीन लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतरकर पलट गया, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर खूंटी से रांची की ओर जा रहा था। इसी दौरान रांची की ओर से आ रही टाटा नेक्सॉन कार (जेएच-01-जीडी-3352) से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रैक्टर सवार संतोष होरो, पांडे होरो और प्रकाश बोदरा घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और तत्काल खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में तीनों का इलाज चल रहा है। इधर, दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दोनों वाहनों के कागजात और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।


