दिनदहाड़े सरकारी काम का नाटक कर चुरा रहे थे केबल, 6 गिरफ्तार
मुंगेर के चौक बाजार में दिनदहाड़े सड़क किनारे खुदाई कर केबल चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने मौके से 6 चोरों को गिरफ्तार किया है। ये लोग सरकारी ठेके का काम करने का झांसा देकर धार्मिक केबल तार चुराने का प्रयास कर रहे थे।

मुंगेर, निज संवाददाता।शहर के व्यस्त चौक बाजार इलाके में दिनदहाड़े सड़क किनारे खुदाई कर केबल चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 6 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि चौक बाजार स्थित सड़क किनारे कुछ लोग खुदाई का काम कर रहे हैं। जब पुलिस टीम सत्यापन के लिए पहुंची, तो करीब 20 से 25 लोग कुदाल और अन्य उपकरणों के साथ खुदाई करते मिले। ये लोग खुद को सरकारी ठेके का काम (जैसे पाइप बिछाना) करने का झांसा दे रहे थे। हालांकि, जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो पोल खुल गया कि उनके पास ऐसा कोई ठेका नहीं था और वे जमीन के नीचे बिछे कीमती केबल तार चुराकर बेचने की फिराक में थे。
छापेमारी में 6 धरे गए, 20 भाग निकलेः
पुलिस की गाड़ी देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई। 20 से 25 की संख्या में मौजूद चोर भागने लगे, जिनमें से पुलिस ने खदेड़कर 6 लोगों को धर दबोचा। पुलिस ने मौके से खुदाई के औजार, कुल्हाड़ी और चोरी किए गए केबल तार बरामद किए हैं। एक बाइक और एक ई-रिक्शा भी जब्त किया गया है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी अररिया जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में पता चला है कि इन लोगों ने पूर्व में कई सरकारी कामों में मजदूरी की थी, जिससे इन्हें अंदाजा था कि कहां-कहां केबल बिछी हुई है। पुलिस ने फरार आरोपियों के नाम और मोबाइल नंबर जुटा लिए हैं और प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


