बांका के भलजोर चेक पोस्ट पर 1.28 करोड़ की विदेशी शराब बरामद, 16 चक्का ट्रक चालक गिरफ्तार
बांका मद्यनिषेध विभाग ने एक ट्रक से 10,694.800 लीटर विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 28 लाख रुपये है। यह कार्रवाई भलजोर चेक पोस्ट पर की गई। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। शराब पर 'फॉर सेल इन पंजाब ओनली' अंकित था।

बांका एक संवाददाता बांका मद्यनिषेध विभाग एवं उत्पाद एवं मद्यनिषेध थाना बांका की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान भलजोर चेक पोस्ट पर बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने हंसडीहा, झारखंड की ओर से भागलपुर जा रहे 16 चक्का ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में धान की भूसी के बोरों के नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। जांच में कुल 1,214 कार्टून में 10,694.800 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 28 लाख रुपये बताई गई है।
बरामद शराब पर फॉर सेल इन पंजाब ओनली अंकित है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक मोहन लाल (23), पिता माला राम, निवासी नरसाली नडी, थाना बायतू, जिला बाड़मेर, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक सैमसंग 5जी स्मार्टफोन भी बरामद किया गया। जब्त ट्रक अशोक लीलैंड 16 चक्का है, जिसका पंजीकरण संख्या आरजे 09 जीई 6986 है। मामले में मद्यनिषेध थाना बांका कांड संख्या 415/26 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


