महिला की मौत के बाद अवंतिका हॉस्पिटल सील
पीडीडीयू नगर में अवंतिका हॉस्पिटल में सर्जरी के बाद एक महिला की मौत के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की। जांच में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते अस्पताल को सील कर दिया गया और मरीजों को जिला अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। परिवार ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

पीडीडीयू नगर,संवाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन स्थित अवंतिका हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने अस्पताल को सील कर दिया। वहीं अस्पताल में भर्ती मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन की कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा रहा। बिहार के कैमूर निवासिनी 65 वर्षीया सुरसती देवी को आयुष्मान कार्ड के तहत हर्निया के ऑपरेशन के लिए अवंतिका हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही, अवैध वसूली और आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाली सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।
मामले की जानकारी होने पर एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने अस्पताल पहुंचकर जांच की। जांच में अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अस्पताल में कई महीनों से ड्यूटी पर कार्यरत डॉक्टर उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा ऑपरेशन थिएटर भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। जांच में आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को योजना के तहत मिलने वाले भोजन समेत अन्य व्यवस्थाओं में भी खामियां मिलीं। एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने बताया अस्पताल का संचालन बेसमेंट में चल रहा था जो निर्धारित नियमों के विपरीत है। मौके पर सर्जन भी नदारत मिले। अनियमितताओं को देखते हुए अवंतिका हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। कहा कि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य मानकों से किसी भी कीमत पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। मामले में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


