हजारीबाग में सनसनीखेज मामले का हुआ खुलासा
हजारीबाग में सनसनीखेज मामला का हुआ खुलासा घरेलू सहायिका पर खाने में धतूरे का बीज मिलाकर डॉक्टर के पूरे परिवार को धीरे-धीरे जहर देने का आरोप लोहसिह

हजारीबाग में सनसनीखेज मामला का हुआ खुलासा लोहसिहना थाना में एफआईआर दर्ज
हज़ारीबाग हमारे प्रतिनिधि
शहर के रानी सती मंदिर गली निवासी डॉ चंदन कुमार के घर एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका (मेड) पर आरोप है कि उसने खाने और पीने की चीजों में जहरीले धतूरे के बीज मिलाकर डॉक्टर के पूरे परिवार को मौत के मुंह में धकेलने की साजिश रची। इस गंभीर मामले को लेकर लोहसिंघना थाना में प्राथमिकी संख्या 88/2026 दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है।
घरेलू सहायिका की पृष्ठभूमि
पुलिस को दिए गए आवेदन के मुताबिक, डॉ. चंदन कुमार ने सेक्योरिटी एजेंसी (मैनेजर नंदन) के माध्यम से हजारीबाग के लालपूर निवासी पूनम कुमारी को अपने घर में साफ-सफाई और खाना बनाने के काम के लिए रखा था। वह महिला 25 मई 2026 से उनके घर पर काम कर रही थी। शिकायतकर्ता डॉक्टर के अनुसार, 27 मई 2026 को उनके घर से सोने की चेन और हनुमान जी का लॉकेट (वजन लगभग 28-30 ग्राम) चोरी हो गया। इसके ठीक बाद डॉक्टर की तबीयत अचानक इतनी बिगड़ गई कि उन्हें हजारीबाग के आरोग्यम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें रांची के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया। 3 जून तक मेदांता में इलाज के बाद जब वह घर लौटे, तो उनके परिवार के एक-एक करके सभी सदस्य बीमार पड़ने लगे।
खतरनाक साजिश का खुलासा
डॉक्टर की माँ, उनकी पत्नी और खुद डॉक्टर समेत उनके मामाजी की भी तबीयत अचानक बेहद खराब हो गई। रांची मेदांता और हज़ारीबाग के विभिन्न अस्पतालों में जब डॉक्टरों की टीम ने तमाम जाँचें कीं, तो ब्लड रिपोर्ट में कुछ नहीं आया, जिससे डॉक्टर भी हैरान थे। इस बीच एक दिन डॉक्टर के क्लिनिक के स्टाफ ने आरोपी मेड पूनम कुमारी को नारियल पानी में कुछ बीज डालते हुए रंगे हाथों देख लिया। जब स्टाफ ने उससे पूछा कि यह क्या है, तो उसने घबराकर मिर्च या अन्य बीज होने की बात कही और नारियल पानी फेंक दिया। बाद में जब रसोई घर की गहन तलाशी ली गई, तो वहाँ छिपाकर रखे गए धतूरे के बीज बरामद हुए। जब डॉक्टरों से बात की गई तो उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया कि धतूरे का बीज खाने पर ठीक वही लक्षण उत्पन्न होते हैं जो डॉक्टर और उनके परिजनों में पाए जा रहे थे। यानी मेड चुपचाप खाने-पीने की चीजों में धतूरे का बीज मिलाकर परिवार को धीमा जहर दे रही थी।
मेड की फरारी
घटना के बाद से मेड फरार परिवार की तबीयत खराब होने और शक गहराने के बाद आरोपी मेड पूनम कुमारी अचानक अपना मोबाइल फोन वहीं छोड़कर यह बहाना बनाकर फरार हो गई कि उसकी खुद की तबीयत खराब हो गई है। डॉक्टर ने आशंका जताई है कि सहायिका ने चोरी की नीयत से या किसी बड़ी साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया है। लोहसिंघना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार सहायिका की तलाश व पूरे मामले की निष्।पक्ष जाँच में जुट गई है।
फोटो कैप्शन
एएम 4 प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते डॉक्टर चंदन कुमार


