सपा प्रदेश सचिव का भाजपा पर साधा निशाना, बोले- जनता देगी जवाब
महेंद्र सिंह निम का तिर्वा में स्वागत समारोह हुआ, जहां उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारी का संकल्प लिया। निम ने किसानों और गरीबों के बीच बदलाव की आवश्यकता को रेखांकित किया। सपा के प्रवक्ता ने अगले विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन का विश्वास जताया।

तिर्वा, संवाददाता। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश सचिव महेंद्र सिंह निम का शुक्रवार को तिर्वा स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। फूल-मालाओं से अभिनंदन के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों का संकल्प लिया। स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए महेंद्र सिंह निम ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या से जुड़े चंदा प्रकरण ने भाजपा की कार्यशैली को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले चुनाव में जवाब देगी। उनका दावा था कि किसान, मजदूर, गरीब और कमजोर वर्ग मौजूदा सरकार की नीतियों से परेशान हैं और बदलाव चाहते हैं।
कार्यक्रम में सपा के जिला प्रवक्ता विजय द्विवेदी ने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान भी किया। गौरतलब है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने महेंद्र सिंह निम को प्रदेश सचिव मनोनीत किया है। उनके पहली बार तिर्वा आगमन पर यह स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष कलीम खां, पूर्व विधायक अरविंद यादव, सरोजनी कुशवाहा, अंगूरी धारिया, यश दोहरे, जसवंत सिंह, अमित तिवारी, अवनीश यादव, संगीता पांडेय, सरिता दुबे, आकाश शाक्य, अरुण बघेल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


