भटसिमर के महेंद्र राम को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
मधुबनी के भटसिमर निवासी कलाकार महेंद्र राम को संगीत नाटक अकादमी द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह पुरस्कार प्रदान किया। महेंद्र की यह उपलब्धि मधुबनी की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाती है और अन्य कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मधुबनी। जिले के भटसिमर निवासी कलाकार महेंद्र राम को कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए संगीत नाटक अकादमी की ओर से राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार इन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किया है । महेंद्र लंबे समय से कला के क्षेत्र में सक्रिय हैं। रसनचौकी में अपनी प्रतिभा, निरंतर साधना और समर्पण के बल पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। पारंपरिक संगीत वाद्य यंत्र में इनकी पहचान रही है । संगीत नाटक अकादमी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की ओर से राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना उनकी कला यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस सम्मान से मधुबनी की समृद्ध कला और सांस्कृतिक परंपरा को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
कलाकार पवन झा ने कहा कि महेंद्र राम को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे जिले के लिए काफी गौरव का क्षण है। मधुबनी की धरती कला और संस्कृति के क्षेत्र में हमेशा से प्रतिभाओं को जन्म देती रही है। ऐसे कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना जिले की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करता है।उन्होंने कहा कि महेंद्र राम की यह उपलब्धि जिले के अन्य कलाकारों के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी मेहनत और कला के प्रति समर्पण से युवा कलाकारों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने से जिले के कला जगत में महेंद्र राम की उपलब्धि को नई पहचान मिली है।


