गांधी के विचारों को आत्मसात कर समझ सकते उनका दर्शन
दरभंगा में महात्मा गांधी के दर्शन पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. अमरनाथ झा ने आत्मानुशासन और गांधीजी के विचारों पर चर्चा की। उन्होंने छात्रों से गांधी के सिद्धांतों को अपने जीवन में लागू करने की अपील की। सेमिनार में कई शिक्षक और छात्र मौजूद थे।

दरभंगा। महात्मा गांधी को केवल पुस्तकों के माध्यम से पूरी तरह नहीं समझा जा सकता। गांधीजी के दर्शन को यदि समझना है तो उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करना होगा। इन्हीं विचारों में आत्मानुशासन संबंधी अवधारणाएं निहित हैं जो मनुष्य को पशुओं से भिन्न बनाती हैं। लनामिवि के स्नातकोत्तर दर्शनशास्त्र विभाग में महात्मा गांधी के विशेष संदर्भ में : आत्मानुशासन का दर्शन विषय पर एक दिवसीय सेमिनार में मुख्य वक्ता पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. अमरनाथ झा ने उक्त बातें कही। डॉ. झा ने महात्मा गांधी के जीवन, चरित्र, योगदान, नैतिकता संबंधी अवधारणाओं तथा आत्मानुशासन से संबंधित विचारों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने इस बात पर विशेष प्रकाश डाला कि हम अपने जीवन में गांधीजी के विचारों को व्यावहारिक रूप से किस प्रकार आत्मसात कर सकते हैं। विशिष्ट वक्ता संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत झा ने गांधीजी के अनुशासन, नैतिकता तथा श्रीमद्भगवद्गीता के प्रति उनकी श्रद्धा का विवेचन किया।विभागाध्यक्ष डॉ. शिखर वासनी ने कहा कि गांधीजी केवल एक व्यक्ति नहीं, एक सोच हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से गांधीजी के विचारों एवं दर्शन के मार्ग पर चलने की अपील की। डॉ. संजीव कुमार साह ने विषय प्रवेश करते हुए गांधी दर्शन के विभिन्न आयाम पर चर्चा की। छात्र ईशान के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में कई शिक्षक, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


