रोजाना 18 किमी पैदल चलकर महात्मा गांधी रखते थे खुद को स्वस्थ
गांधी जयंती पर विशेष हाई ब्लड प्रेशर के बावजूद पूरी उम्र संयमित जीवनशैली पर

गोरखपुर। वरिष्ठ संवाददाता महात्मा गांधी अहिंसा और सत्य के पुजारी ही नहीं, बेहद अनुशासित और संयमित जीवन जीने वाले व्यक्ति थे। देश की आजादी के महानायक महात्मा गांधी हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित रहे। उनका रक्तचाप कई बार काफी बढ़ गया था, लेकिन उन्होंने इसे नियंत्रित रखने के लिए प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद और संतुलित खान-पान पर अधिक भरोसा किया।
महात्मा गांधी की दिनचर्या
आईसीएमआर के पूर्व निदेशक डॉ. रजनीकांत ने बताया कि पैदल चलना महात्मा गांधी की दिनचर्या का जरूरी हिस्सा था। स्वास्थ्य रिकॉर्ड में दर्ज है कि वह करीब 40 वर्षों तक प्रतिदिन औसतन 18 किलोमीटर पैदल चलते थे। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उन्होंने 79 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा पैदल की थी।
मिट्टी का लेप और सर्पगंधा का सेवन
आईसीएमआर के पूर्व निदेशक डॉ. रजनीकांत ने महात्मा गांधी के सेहत के दस्तावेजों पर रिसर्च कर किताब प्रकाशित की है। इसका नाम महात्मा गांधी एवं स्वास्थ्य@150 । इसमें महात्मा गांधी के सेहत व बीमारी के दस्तावेज संकलित है। इसे आईसीएमआर ने प्रकाशित कराया। डॉ. रजनीकांत ने बताया कि महात्मा गांधी अपने हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने के लिए प्राकृतिक चिकित्सा के तौर पर पेट पर मिट्टी का लेप लगाते थे। वह आयुर्वेदिक औषधि सर्पगंधा का भी सेवन करते थे। एक पत्र में उन्होंने लिखा था कि रक्तचाप बढ़ा रहने पर उन्होंने सर्पगंधा की कुछ बूंदें ली थीं। उनके स्वास्थ्य रिकॉर्ड में रक्तचाप 194/130 और 220/110 तक दर्ज किया गया था।
आमतौर पर एलोपैथिक दवाओं से किया परहेज
डॉ. रजनीकांत ने बताया कि महात्मा गांधी आमतौर पर एलोपैथिक दवाओं से बचने की कोशिश करते थे। हालांकि, जरूरत पड़ने पर उन्होंने आधुनिक चिकित्सा का सहारा भी लिया। एक बार मलेरिया होने पर उनकी हालत बिगड़ने लगी। शुरुआत में उन्होंने उपवास और प्राकृतिक तरीकों से इसे ठीक करने की कोशिश की, लेकिन बुखार बना रहा। इसके बाद उन्हें कुनैन दी गई और वह ठीक हो गए।
खान-पान को मानते थे स्वास्थ्य की कुंजी
डॉ. रजनीकांत ने बताया कि गांधीजी शुद्ध शाकाहारी थे और सादा भोजन करते थे। वह भोजन को केवल स्वाद के लिए नहीं, बल्कि शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम मानते थे। गांधीजी ने विदेश में रहते हुए भी शाकाहार को बढ़ावा दिया और इसके लिए संगठन से जुड़े। वह चाय-कॉफी, तंबाकू और शराब से दूर रहने की सलाह देते थे। उनके अनुसार, स्वस्थ शरीर के लिए संतुलित भोजन, नियमित व्यायाम और संयमित जीवन जरूरी है।
सादा, प्राकृतिक और सीमित मात्रा में भोजन पर जोर
डॉ. रजनीकांत ने बताया कि महात्मा गांधी सादा, प्राकृतिक और सीमित मात्रा में भोजन करने पर जोर देते थे। यह जीवनशैली गैर-संचारी रोग यानी एनसीडी पर नियंत्रण कर सकती है। आज देश में होने वाली कुल मौतों में करीब 65 प्रतिशत मौतें अब मधुमेह, हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग और कैंसर के कारण होती हैं। तेजी से बढ़ता शहरीकरण, लंबे समय तक बैठे रहकर काम करना, शारीरिक गतिविधि की कमी और अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन इस समस्या को बढ़ा रहे हैं। भोजन और जीवनशैली में बदलाव करके एनसीडी के जोखिमों को कम किया जा सकता है। नियमित पैदल चलना, सादा और संतुलित भोजन करना, नशे से दूर रहना तथा तनाव को नियंत्रित रखना हाई ब्लड प्रेशर और दूसरी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव में मददगार हो सकता है।

