राजनीति विज्ञान विभाग में शीघ्र स्थापित होगा गांधी चेयर : कुलपति
महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में समारोह आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने गांधी जी के विचारों की प्रासंगिकता को बताया। समारोह में निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। गांधी जी का व्यक्तित्व और उनके विचारों पर चर्चा की गई।
राजीव रंजन झा,दरभंगा। सामाजिक परिवर्तन के लिए खुद को दर्पण बनाना पड़ता है। गांधी के व्यक्तित्व की चर्चा एक-दो घंटे में संभव नहीं है। गांधी जी युवावस्था तक सूट, बूट, टाई में रहते थे, पर बाद में अपने आप को काफी बदला। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के तत्त्वावधान में महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर जुबिली हॉल में आयोजित गांधी जयंती समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने उक्त बातें कही। कुलपति ने गांधी जी को राष्ट्र का ध्रुवतारा बताते हुए कहा कि गांधी जी के इंसानियत के विचार को कभी दबाया नहीं जा सकता है। यदि उनके एक विचार को भी हम पूरा करें तो बड़ी बात होगी। कुलपति ने गांधी को अपना आईकॉन बताते हुए कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण के लिए महात्मा गांधी के विचारों को लेकर ही आगे बढ़ना होगा। इस अवसर पर कुलपति ने विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान विभाग में शीघ्र ही गांधी चेयर की स्थापना करने का आश्वासन भी दिया。
समारोह के मुख्य अतिथि
समारोह के मुख्य अतिथि तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग से सेवानिवृत प्राध्यापक प्रो. पवन कुमार सिंह ने कहा कि माता जानकी की धरती मिथिला धन्य है, जहां गांधी जी चार बार आए थे। यहां के महाराजाओं से गांधी जी का व्यक्तिगत एवं धनिष्ठ संबंध था। उन्होनें कहा कि गांधी जितने सरल एवं सहज दिखते हैं, उनके व्यक्तित्व का विश्लेषण उतना ही बृहत और कठिन है। गांधी जी विदेश में कानून की पढ़ाई के साथ ही क्रांतिकारी बने और दक्षिण अफ्रीका में उनके प्रयोग प्रारंभ हुए, जिसके बाद वे निरंतर प्रयोग करते रहे और आत्मालोचन से आगे बढ़ते रहे। प्रौढ़ावस्था आते-आते उन्होंने कहा कि मेरा जीवन ही मेरा संदेश है। कहा कि गांधी की प्रासंगिकता सदा बनी हुई है। वे आधुनिकता के विरोधी नहीं थे, परंतु मानव की गरिमा एवं मनुष्यता के पक्षधर थे।
मुख्य वक्ता का वक्तव्य
मुख्य वक्ता विश्वविद्यालय राजनीति विज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. मुनेश्वर यादव ने कहा कि गांधी जी 21वीं सदी का उद्घोषणा पत्र एवं पूरी मानवता के लिए जरूरी हैं। उन्होनें अपने जीवन में अफ्रीका, यूरोप एवं एशिया महादेश को प्रभावित किया था और आज पूरे विश्व को रास्ता दिखा रहे हैं। कहा कि मार्क्सवाद से बाइलेंस हटा देना ही गांधीवाद है। गांधी जी ने कहा था कि कर्तव्य के हिमालय से ही अधिकार की गंगा निकलती है।
अतिथियों का स्वागत
दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो. हरे कृष्ण सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि उपनिदेशक डॉ. विवेक कुमार राय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन अक्षय शर्मा ने किया। संगोष्ठी से पूर्व कुलपति के नेतृत्व में अतिथियों, शिक्षकों, पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों आदि ने महात्मा गांधी सदन जाकर गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने गांधी जी के अनेक प्रिय भजनों को प्रस्तुत किया। गांधी जीवन पर आधारित मुक अभिनय भी प्रस्तुत किया गया।
प्रतियोगिता के विजेता हुए पुरस्कृत
समारोह में गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित ऑन स्पॉट निबंध प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। तनुश्री को प्रथम, श्वेता कुमारी को द्वितीय तथा रघुनंदन कुमार एवं सौम्य सुगंध को तृतीय स्थान मिला। गुड्डू कुमार निधि कुमारी, शांभवी कुमारी, गौरव कुमार, महाचन्द्र ठाकुर, साक्षी कुमारी एवं शिवानी कुमारी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। भाषण प्रतियोगिता में शामिल सभी छात्राओं एवं एनएसएस के 50 से अधिक स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।


