गांधीवादी मूल्य पुलिस कर्मियों के दैनिक कर्तव्य से जुड़े हैं : प्रो. योगेन्द्र प्रताप सिंह
- पुलिस मुख्यालय में मनाई गई गांधी जयंती लखनऊ, प्रमुख संवाददाता पुलिस मुख्यालय

पुलिस मुख्यालय में शुक्रवार को महात्मा गांधी की जयंती पर समारोह आयोजित किया गया। जिसमें लखनऊ विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग के प्रो. योगेन्द्र प्रताप सिंह ने पुलिस कर्मियों को गांधीवादी मूल्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के दैनिक कर्तव्य से यह मूल्य जुड़े हुए हैं। संयम, सत्य, न्याय व नि:स्वार्थ सेवा जैसे गांधीवादी मूल्य पुलिस कर्मियों के दैनिक कर्तव्यों से गहराई से जुड़े हुए हैं।राजधानी स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बाराबंकी के रेडियो निरीक्षक विजय शंकर अग्निहोत्री व उनकी टीम ने रामधुन व रघुपति राघव राजा राम का गायन प्रस्तुत किया। डीजीपी राजीव कृष्ण ने अतिथि प्रो. योगेन्द्र प्रताप सिंह को शाल भेंटकर सम्मानित किया।
पुलिस मुख्यालय में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार भेंट किए गए। दूसरी ओर कारागार मुख्यालय में भी गांधी जयंती व लाल बहादुर शास्त्री जयंती मनाई गई। महानिदेशक, कारागार पीसी मीना ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सादगी, नैतिकता व मानवता के आदर्शों को कारागार प्रशासन की कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाने पर बल दिया।

