नोवामुंडी कॉलेज में जल्द खुलेगा महात्मा गांधी इंटरनेशनल इंग्लिश मीडियम स्कूल : प्राचार्य
नोवामुंडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर ‘महात्मा गांधी इंटरनेशनल इंग्लिश मीडियम स्कूल’ की शुरुआत की घोषणा की। यह विद्यालय क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा, जिसमें स्मार्ट क्लास, तकनीकी शिक्षा, और अन्य सुविधाएं होंगी।

नोवामुंडी,संवाददाता। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर नोवामुंडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोजित विश्वास ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द नोवामुंडी कॉलेज परिसर में “महात्मा गांधी इंटरनेशनल इंग्लिश मीडियम स्कूल” की शुरुआत की जाएगी। यह विद्यालय क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा संयुक्त रूप से माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर की गई। प्राचार्य ने कहा कि प्रस्तावित विद्यालय का उद्देश्य छोटे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना है।
इसके लिए कॉलेज प्रबंधन समिति ने रूपरेखा तैयार कर ली है।प्रबंधन समिति की अनुमति मिलते ही विद्यालय को सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा। प्रस्तावित विद्यालय में स्मार्ट क्लास, डिजिटल बोर्ड, कंप्यूटर एवं तकनीकी शिक्षा, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला, ई-लर्निंग की सुविधा, सुरक्षित विद्यालय परिसर, स्कूल बस, खेल मैदान सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। सीमित आय वाले अभिभावक भी अपने बच्चों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा उचित खर्च में दिला सकेंगे।

