स्वच्छता और राष्ट्रप्रेम का संदेश लेकर निकली बीएसएम स्कूल में गोष्ठी
शामली में बीएसएम स्कूल में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान, चित्रकला प्रतियोगिता, और जागरूकता रैली में भाग लिया। कार्यक्रम में महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई और विद्यार्थियों को उनकी शिक्षाओं से अवगत कराया गया।

शामली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में बीएसएम स्कूल में गुरुवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान, पोस्टर निर्माण, चित्रकला प्रतियोगिता और जागरूकता रैली के माध्यम से स्वच्छता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की मैनेजर छाया सिंह, चेयरमैन सूर्यवीर सिंह, डायरेक्टर अंकित गुप्ता और उप प्रधानाचार्य आशु पंडित ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। दीप प्रज्वलित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई। शिक्षकों ने भी उनके आदर्शों को याद किया।विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और स्वच्छता के विचारों से परिचित कराया गया।
वहीं लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश का महत्व भी बताया गया।विद्यालय में आयोजित स्वच्छता गतिविधि में नन्हे विद्यार्थियों ने घर, स्कूल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े संदेशपरक चित्र और पोस्टर बनाए।इसके बाद विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली। हाथों में पोस्टर लेकर विद्यार्थियों ने लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प दिलाया।

