महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विश्वविद्यालय में हुआ कार्यक्रम
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती श्रद्धा पूर्वक मनाई गई। कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने उनके जीवन के नैतिक मूल्यों की चर्चा की। कार्यक्रम में भजन प्रस्तुत किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं छात्रों ने भाग लिया।

बरेली, वरिष्ठ संवाददाता। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में शुक्रवार दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कुलसचिव महेंद्र कुमार एवं वित्ताधिकारी महिमा चंद्र, शिक्षकों एवं अधिकारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण कर किया गया।
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का संदेश
कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने अपने संदेश में कहा कि महात्मा गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वदेशी, स्वच्छता और नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने सत्य और अहिंसा को जनशक्ति का माध्यम बनाकर स्वतंत्रता आंदोलन को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा। वहीं लाल बहादुर शास्त्री सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्श प्रतीक हैं। ‘जय जवान, जय किसान’ का उनका आह्वान देश की सुरक्षा और अन्न उत्पादन, दोनों के महत्व को रेखांकित करता है। आज की युवा पीढ़ी को इन दोनों महान विभूतियों के जीवन-मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए अपने कर्तव्यों का निष्टापूर्वक निर्वहन करना चाहिए और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए। इसके पश्चात विचार गोष्ठी एवं भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र की संरक्षिका डॉ. ज्योति पाण्डेय ने छात्राओं के माध्यम से भजनों का कार्यक्रम प्रस्तुत करवाया, जिसे सभी ने सराहा। विश्वविद्यालय सांस्कृतिक केंद्र के संगीत क्लब के विद्यार्थियों स्वस्तिका, कृष्णांगी, रिया, इशिका और आँचल के साथ साथ मनोज पांडे, हितेश तिक्खा और हरीश द्वारा गांधी जी एवं शास्त्री जी की स्मृति में भजनों की प्रस्तुति में सहयोग किया। कार्यक्रम में प्रो. रवींद्र, प्रो. शरद कुमार, प्रो.अमित कुमार सिंह, प्रो.विनय वर्मा, गौरव मिश्रा, अनिल कुमार, तपन वर्मा, मनोज पांडे, हितेश तिक्खा समेत अन्य रहे।

