एमपीएससी अध्यक्ष भीमनवार अनिवार्य अवकाश पर भेजे गए
महाराष्ट्र सरकार ने कथित एमपीएससी पेपर लीक मामले की जांच पूरी होने तक आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनवार को अनिवार्य अवकाश पर भेज दिया है। पुणे में 11 दिनों से प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने फैसले के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया। मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले ने छात्रों पर दर्ज मामले वापस लेने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुणे, एजेंसी। महाराष्ट्र सरकार ने कथित एमपीएससी पेपर लीक मामले की जांच पूरी होने तक महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) के अध्यक्ष विवेक भीमनवार को अनिवार्य अवकाश पर भेज दिया है। पुणे में अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग को लेकर 11 दिनों से जारी अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बाद यह फैसला लिया गया। सरकार के निर्णय के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है। राज्य के मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले ने प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों से मुलाकात की और घोषणा की कि आंदोलन के संबंध में छात्रों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि एमपीएससी पेपर लीक मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले भीमनवार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राज्य सरकार ने एमपीएससी पेपर लीक मामले की न्यायिक जांच की घोषणा की है। भीमनवार ने कहा कि उन्होंने जांच पूरी होने तक अवकाश पर जाने का फैसला किया है।

