उद्धव ठाकरे को सफाई देने पहुंचे अनिल देशमुख? देर रात एक घंटे तक हुई CM आवास पर मीटिंग
मुंबई पुलिस को 100 करोड़ रुपये की वसूली का टारगेट देने के आरोपों में घिरे महाराष्ट्र के होम मिनिस्टर अनिल देशमुख ने मंगलवार रात को सीएम उद्धव ठाकरे से मुलाकात की है। विपक्ष की ओर से लगातार इस्तीफे की...

मुंबई पुलिस को 100 करोड़ रुपये की वसूली का टारगेट देने के आरोपों में घिरे महाराष्ट्र के होम मिनिस्टर अनिल देशमुख ने मंगलवार रात को सीएम उद्धव ठाकरे से मुलाकात की है। विपक्ष की ओर से लगातार इस्तीफे की मांगों के बीच अनिल देशमुख की यह मुलाकात अहम मानी जा रही है। इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि उद्धव ठाकरे की ओर से उनका इस्तीफा मांगा जा सकता है। माना जा रहा है कि अनिल देशमुख ने इस मीटिंग में पूरे विवाद पर अपना पक्ष सीएम के सामने रखा है। उद्धव ठाकरे के सरकारी आवास पर ही करीब एक घंटे तक दोनों नेताओं की यह मीटिंग चली। इससे पहले मंगलवार शाम को केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अनिल देशमुख के इस्तीफे की मांग की थी और कहा था कि इससे ही शरद पवार की प्रतिष्ठा पर लगे दाग खत्म हो सकते हैं।
यही नहीं अनिल देशमुख पर पुलिस अधिकारियों के ट्रांसफर, पोस्टिंग के एवज में भी घूसखोरी के आरोप लग रहे हैं। रविशंकर प्रसाद ने कहा था, 'महाराष्ट्र के होम मिनिस्टर ट्रांसफर और पोस्टिंग के लिए भी पैसे ले रहे हैं। क्या आपने कभी सुना है कि कोई मंत्री कभी अपनी पार्टी, सरकार और अपने लिए पैसे लेता है।' बता दें कि मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने 100 करोड़ रुपये महीने की वसूली का आरोप अनिल देशमुख पर लगाया है। परमबीर ने आरोप लगाया है कि मुकेश अंबानी के घर के बाहर मिली संदिग्ध कार के केस में गिरफ्तार पुलिस अधिकारी सचिन वाझे के जरिए अनिल देशमुख रैकेट चलाते थे।
हालांकि तमाम आरोपों और विवादों के बीच भी अनिल देशमुख की पार्टी एनसीपी ने उनका बचाव किया है। खुद पार्टी के मुखिया और गठबंधन सरकार के बड़े नेता शरद पवार ने लगातार दो दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उनका बचाव किया है। शरद पवार ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए अनिल देशमुख की बेगुनाही का एक तरह से सबूत देते हुए कहा था कि वह 5 से 15 फरवरी तक अस्पताल में ही थे और फिर 16 से 27 तारीख तक होम आइसोलेशन में थे। ऐसे में वह कैसे किसी से मुलाकात कर सकते हैं। दरअसल परमबीर सिंह ने अपने लेटर में यह आरोप भी लगाया था कि अनिल देशमुख ने फरवरी के मध्य में सचिन वाझे से मुलाकात की थी। हालांकि अनिल देशमुख के खिलाफ जांच को लेकर शरद पवार ने कहा था कि यह फैसला लेना सीएम के अधिकार क्षेत्र में है।
लेखक के बारे में
Surya Prakashदुनियादारी में रुचि पत्रकारिता की ओर खींच लाई। समकालीन राजनीति पर लिखने के अलावा सामरिक मामलों, रणनीतिक संचार और सभ्यतागत प्रश्नों के अध्ययन में रुचि रखते हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली के रहने वाले सूर्यप्रकाश को पत्रकारिता जगत में करीब डेढ़ दशक का अनुभव है। 10 वर्षों से ज्यादा समय से डिजिटल मीडिया में कार्यरत हैं। लाइव हिन्दुस्तान के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय एवं राज्यों से संबंधित खबरों का संपादन करते हैं एवं डेस्क इंचार्ज के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। समाचारों के त्वरित प्रकाशन से लेकर विस्तृत अध्ययन के साथ एक्सप्लेनर आदि में भी रुचि रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज प्रकाशित करने और खबरों के अंदर की खबर को विस्तार से समझाने में रुचि रखते हैं। हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को समझते हैं और उसके अनुसार ही पाठकों को खबरें देने के लिए तत्परता रखते हैं।
अकादमिक योग्यता: एक तरफ डेढ़ दशक का सक्रिय पत्रकारिता करियर रहा है तो वहीं दूसरी तरफ सूर्यप्रकाश अकादमिक अध्ययन में भी गहरी दिलचस्पी रखते रहे हैं। पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन और मास्टर्स की पढ़ाई के साथ ही 'हाइब्रिड वारफेयर में मीडिया के इस्तेमाल' जैसे महत्वपूर्ण एवं उभरते विषय पर पीएचडी शोध कार्य भी किया है। पत्रकारिता, समाज, साहित्य में रुचि के अलावा वारफेयर में मीडिया के प्रयोग पर भी गहरा अध्ययन किया है। इसी कारण डिफेंस स्टडीज जैसे गूढ़ विषय में भी वह रुचि रखते हैं। इस प्रकार सूर्यप्रकाश का एक लंबा पेशेवर अनुभव रहा है तो वहीं गहरी अकादमिक समझ भी रही है।
राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय महत्व के समाचारों में गहरी दिलचस्पी रखते हैं तो वहीं नैरेटिव वारफेयर के बारे में भी गहरा अध्ययन है। खबरों के अंदर की खबर क्या है और किसी भी समाचार के मायने क्या हैं? ऐसी जरूरी चीजों को पाठकों तक पहुंचाने में भी रुचि रखते हैं। लाइव हिन्दुस्तान में बीते 5 सालों से जुड़े हैं और गुणवत्तापूर्ण समाचार देने की मुहिम को बल प्रदान किया है। सूर्यप्रकाश को पाठकों की पसंद को समझने और उसके अनुसार समाचारों के प्रस्तुतिकरण में भी महारत हासिल है। कठिन विषयों को सरल शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने की रुचि है और इसी कारण एक्सप्लेनर आदि भी लिखते हैं।
और पढ़ें

