ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशफडणवीस का ऐलान: महाराष्ट्र में किसानों का डेढ़ लाख तक का कर्ज माफ

फडणवीस का ऐलान: महाराष्ट्र में किसानों का डेढ़ लाख तक का कर्ज माफ

महाराष्ट्र सरकार ने उत्तरप्रदेश और पंजाब की राह पर चलते हुए किसानों का डेढ़ लाख रुपये तक का कर्ज माफ कर दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इससे 89 लाख...

फडणवीस का ऐलान: महाराष्ट्र में किसानों का डेढ़ लाख तक का कर्ज माफ
एजेंसियां,मुंबई Sat, 24 Jun 2017 09:54 PM
ऐप पर पढ़ें

महाराष्ट्र सरकार ने उत्तरप्रदेश और पंजाब की राह पर चलते हुए किसानों का डेढ़ लाख रुपये तक का कर्ज माफ कर दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इससे 89 लाख किसानों को फायदा होगा। जबकि राजकोष पर 34 हजार करोड़ को अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

फडणवीस ने शनिवार को मंत्रिमंडल की विशेष बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए किसानों के कर्ज माफी की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा, सरकार ने राज्य के 89 लाख किसानों का 1.5 लाख रुपये तक का कर्ज माफ करने का फैसला किया है। जो किसान नियमित रूप से कर्ज भर रहे हैं उन्हें 25 प्रतिशत या 25 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार ने कर्ज माफी के लिए छत्रपति शिवाजी कृषि सम्मान योजना तैयार की है। इसके तहत करीब 40 लाख किसान पूरी तरह से कर्ज मुक्त हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने राज्य के किसानों का सात हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया था। लेकिन मौजूदा सरकार 34 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर रही है। फडणवीस ने कहा, पिछली सरकार के समय कर्ज माफी में जो घोटाला हुआ था, उस तरह का घोटाला नहीं होने दिया जाएगा। 

फडणवीस ने माना कि इस फैसले से सरकार के राजकोष पर भारी दवाब पड़ेगा। लेकिन इसकी भरपाई करने के उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर कर्ज के चुकता करने के संबंध में चर्चा करेंगे।

किसे मिलेगा लाभ 
वे किसान जिनके ऋण का पुनर्गठन 2012 से 2016 के बीच हुआ है और इसके बावजूद 30 जून 2016 तक कर्ज चुकाने में असमर्थ थे, उन्हें 25 फीसदी फसल ऋण या 25 हजार रुपये जो भी कम है इंसेटिव दिया जाएगा। वहीं छह फीसदी किसानों को एकमुश्त निपटान योजना के तहत लाभ दिया जाएगा। यह उन्हें मिलेगा जिनकी देनदारी 1.5 लाख रुपये तक है। 

यह लाभ के लिए अयोग्य 
मंत्री, विधायक, प्रथम श्रेणी के अधिकारी, सरकारी कर्मचारी, कारोबारी जो वैट भुगतान करते हैं, जिन्होंने आयकर रिटर्न भरा है या वे जिनके आय के स्रोत कृषि के अलावा भी है। 

सभी पक्षों से चर्चा के बाद फैसला 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा, किसानों का कर्ज माफ करने के लिए सहयोगी पार्टी शिव सेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार, किसान संगठन के नेताओं और कांग्रेस के नेताओं के साथ चर्चा हुई। सभी पक्षों को विश्वास में लेने के बाद ही यह फैसला किया गया है।

मंत्री देंगे एक महीने की तनख्वाह 
महाराष्ट्र सरकार में भाजपा के मंत्रियों ने एक महीने की तनख्वाह किसान ऋण के लिए देने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि चूंकी कर्ज माफी से सरकार पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। इसलिए वे अपनी एक महीने की तनख्वाह दान देने का घोषणा किया है। 

किसान ने की खुदकुशी, पायलट ने कहा सरकार जिम्मेदार  
जयपुर। राजस्थान के झालावाड़ जिले के सुनैल थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक किसान ने पेड़ से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। म़ृतक किसान बगदीलाल तेली के पास दस बीघा जमीन थी और वह आटे की चक्की भी चलाता था। उसने बैंक से कर्ज ले रखा था। घटना पर प्रदेश कांग्रेस समिति अध्यक्ष सचिन पायलट ने शोक व्यक्त करते हुए इसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार की संवेदनहीनता के कारण प्रदेश में एक बार फिर किसानों द्वारा आत्महत्या किए जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। यह बेहद दु:खद व दुभार्ग्यपूर्ण है। पायलट ने खुदकुशी करने वाले किसानों को आर्थिक मदद देने की मांग की। 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें