अपडेट : आरोपी सिया के परिवार को दुकान बंद करने का नोटिस
महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्राधिकरण ने पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्या की आरोपी सिया गोयल के परिवार को दुकान बंद करने का नोटिस जारी किया है। सिया के पिता ने आरोप लगाया कि उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है। एफडीए ने भी नमूने एकत्र करके 4,172 किलोग्राम स्टॉक जब्त किया।

महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्राधिकरण (एफडीए) ने पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्या की आरोपी सिया गोयल के परिवार को दुकान बंद करने का नोटिस जारी किया। एएफडीए ने नियमों के कथित उल्लंघन के लिए मेवों और मसालों की दुकान का संचालन बंद करने का निर्देश दिया। वहीं, सिया के पिता प्रवीण गोयल ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को बेवजह परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह केतन हत्याकांड की जांच में सहयोग कर रहे हैं। गोयल ने कहा कि अगर उनकी बेटी मामले में दोषी पाई जाती है, तो उसे मौत की सजा मिलनी चाहिए। उसे फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए। सिया पर अपने मंगेतर केतन को प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर पुणे के लोहागढ़ किले की एक पहाड़ी से खाई में धकेलने का आरोप है, जिससे उनकी मौत हो गई थी。
जांच के लिए नमूने एकत्र किए
एफडीए अधिकारियों ने दुकान का निरीक्षण किया और हल्दी पाउडर, तिल और सोयाबीन बड़ी सहित कई खाद्य पदार्थों के चार नमूने जांच के लिए एकत्र किए। उत्पादों की लेबलिंग में कथित अनियमितता और मिलावट की आशंका के चलते इन उत्पादों का 4,172 किलोग्राम स्टॉक भी जब्त कर लिया, जिसकी कीमत लगभग 8.14 लाख रुपये है। यह दुकान अपने लाइसेंस के विवरण में जरूरी सुधार करने में भी नाकाम रही है।
अपराध शाखा की टीम ने किया राजस्थान का दौरा
अपराध शाखा की एक टीम ने केतन हत्याकांड की जांच के सिलसिले में राजस्थान का दौरा किया। यह कदम सिया और चेतन के बीच हुई बातचीत की जांच में यह संकेत मिलने के बाद उठाया गया कि दोनों पिछले साल दिसंबर में राजस्थान गए थे, जहां उन्होंने एक मंदिर में गुपचुप तरीके से शादी की थी। पुणे ग्रामीण पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस की एक टीम मंदिर गई और यह पता लगाने की कोशिश की कि क्या उनकी शादी की पुष्टि के लिए कोई सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है। हालांकि, उसे कुछ भी हासिल नहीं हुआ।
आरोपी की न्यायिक हिरासत बढ़ाई गई
जिले के वडगांव मावल की एक अदालत ने गुरुवार को आरोपी सिया गोयल और उनके प्रेमी चेतन चौधरी की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी। गोयल और चौधरी की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ा दी। दोनों आरोपी जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जज के सामने पेश हुए।


