महाराष्ट्र में शिशु आहार पर नियम और सख्त हुए
- पैकेट पर ‘मां का दूध सबसे अच्छा’ लिखना अनिवार्य - बच्चे या मां की

मुंबई, एजेंसी। महाराष्ट्र खाद्य और औषधि प्रशासन (एफडीए) ने शिशुओं के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्मूला मिल्क और अन्य बेबी फूड को लेकर सख्त नए नियम जारी किए हैं। इनमें पैकेट पर ‘बच्चे के लिए मां का दूख अच्छा आहार लिखना’ अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा पैकेट पर बच्चे या मां की तस्वीर नहीं लगाई जाएगी। नियम तोड़ने पर 10 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाने का प्रावधान है।एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढे के मुताबिक, फॉर्मूला मिल्क और शिशु आहार के विज्ञापन, फ्री सैंपल, उपहार, कैशबैक, इन्फ्लुएंसर प्रमोशन और सोशल मीडिया प्रमोशन पर भी रोक रहेगी। ये नियम मैन्युफैक्चरर से लेकर ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म तक लागू होंगे।
एफडीए के मुताबिक, बेबी फूड में प्रिजर्वेटिव, अतिरिक्त रंग और फ्लेवरिंग पदार्थ प्रतिबंधित होंगे। अतिरिक्त सुक्रोज केवल जरूरत होने पर और कुल कार्बोहाइड्रेट के 20 फीसदी तक इस्तेमाल किया जा सकेगा। गलत तरीके से ‘नो एडड सुगर’ दावा करने पर भी पाबंदी लगा दी गई है। एफडीए कमिश्नर के मुताबिक, हर पैकेट के सामने वाले हिस्से पर ‘जरूरी सूचना और मां का दूध आपके बच्चे के लिए सबसे अच्छा है’ साफ-साफ लिखा होना जरूरी है।


