महाराष्ट्र में 2.68 करोड़ के गबन में पुत्र के बाद पिता भी गिरफ्तार
महाराष्ट्र पुलिस ने संभाजीनगर की आरएन इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रिकल प्रालि में 2.68 करोड़ रुपये से अधिक के गबन के मामले में आरोपित नितिन कुमार के भाई नितेश को मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा से और पिता गोपाल सिंह को शिवहर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, राशि 21 संबंधियों के खातों में भेजी गई। नितिन फरार है और उसकी तलाश जारी है।

मुजफ्फरपुर, प्रसं। महाराष्ट्र की एक निजी कंपनी में 2.68 करोड़ रुपये से अधिक के गबन के मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में गबन के आरोपित के भाई के बाद अब उसके पिता को भी शिवहर से गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपित अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
गबन के मामले की पृष्ठभूमि
मामला महाराष्ट्र के संभाजीनगर स्थित आरएन इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रिकल प्रालि से जुड़ा है। कंपनी के मालिक ने उस्मानपुरा थाने में गबन की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि कंपनी में एचआर के पद पर कार्यरत पूर्वी चंपारण के तेतरिया के नरहां पानापुर निवासी नितिन कुमार ने कंपनी के 2.68 करोड़ रुपये से अधिक का गबन कर लिया। आरोप है कि गबन की गई राशि उसने अपने 21 संबंधियों के खातों में ट्रांसफर किया था। गबन का भनक लगते ही वह फरार हो गया। कंपनी के खातों की जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद मालिक ने पुलिस से शिकायत की थी।
पिता और भाई गिरफ्तार, मुख्य आरोपित की तलाश
उस्मानपुरा थाने की पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की तो कई खातों में मोटी रकम आने के सबूत मिले। इसी कड़ी में पुलिस ने दो दिन पूर्व कार्रवाई करते हुए शहर के मिठनपुरा से नितिन के भाई नितेश को गिरफ्तार किया था। अब उसके पिता गोपाल सिंह को शिवहर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को दोनों के खातों में बड़ी रकम आने के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस पूरे गबन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और 21 संबंधियों की क्या भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपित नितिन लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

