जारांगे को भाई बताकर अमृता ने भोजन के लिए आमंत्रित किया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जारांगे पाटिल को भाई बताया। उन्होंने उन्हें अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित किया। जारांगे पिछले 13 दिनों से आरक्षण की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सरकार की ओर से बातचीत के लिए दरवाज़े खुले रखने की बात कही।

नागपुर, एजेंसी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जारांगे पाटिल को अपना भाई बताया है। उन्होंने जारांगे को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित भी किया है। अमृता ने बुधवार रात नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा, जारांगे पाटिल मेरे भाई हैं। मैं उन्हें अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित करती हूं। जारांगे पाटिल जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में पिछले 13 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। वह मराठा समुदाय को अन्य पिछड़ा वर्ग के तहत आरक्षण देने की मांग कर रहे हैं। जारांगे हैदराबाद और सातारा गजट के अभिलेखों को लागू करने तथा मराठा समुदाय के पात्र लोगों को कुनबी जाति प्रमाणपत्र जारी करने की भी मांग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा था कि सरकार संविधान के दायरे में जो भी संभव होगा, वह करेगी। लेकिन एक समुदाय के हिस्से का आरक्षण लेकर दूसरे समुदाय को नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा था कि सरकार ने बातचीत के दरवाजे कभी बंद नहीं किए हैं।


