महाराष्ट्र: विधानसभा स्पीकर बोले- उद्धव ठाकरे सरकार को नहीं है कोई खतरा, कोरोना पर हम केंद्र की गाइडलाइंस का कर रहे पालन
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच महाराष्ट्र की सियासत में बीते कुछ दिनों से बड़े सियासी घटनाक्रम की आहट सुनाई दे रही है। कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी के ‘महा विकास अघाड़ी’ गठबंधन के बीच...

कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच महाराष्ट्र की सियासत में बीते कुछ दिनों से बड़े सियासी घटनाक्रम की आहट सुनाई दे रही है। कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी के ‘महा विकास अघाड़ी’ गठबंधन के बीच ममुटाव की खबरें लगातार आ रही है। हाल ही में एनसीपी चीफ शरद पवार ने महाराष्ट्र के राज्यपाल से अचानक मुलाकात की। इसके बाद वे मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलने उनके आवास मातोश्री भी पहुंचे। मामले ने तब और तूल पकड़ा जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में हम सरकार में भले ही हैं, लेकिन निर्णय लेने की स्थिति में नहीं हैं।
इन तमाम सियासी घटनाक्रम के बीच महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर नाना पटोले ने कहा है कि राज्य में किसी भी तरह की राजनीतिक इमरजेंसी के हालात नहीं उत्पन्न हुए हैं और ना ही वर्तमान सरकार को कोई खतरा है। उन्होंने कहा कि मीडिया में जो कुछ भी महाराष्ट्र की सियासत को लेकर बताया जा रहा है, ऐसा कुछ भी नहीं है। इस समय हम कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। केंद्र सरकार की हर गाइडलाइंस का पालन कर रहे हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए पटोले ने महा विकास अघाड़ी की बैठक पर कहा, ‘गठबंधन की सरकार को सामंजस्य बिठाना पड़ता है। इस समय राज्य में किसी भी तरह की इमरजेंसी के हालात नहीं है। हो सकता है कि वे कोरोना के मुद्दे पर आपस में चर्चा कर रहे होंगे। मैं उनकी कैबिनेट का हिस्सा नहीं हूं, इसलिए मुझे इस बारे में विशेष जानकारी नहीं है।’
आपको बता दें कि वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पटोले इन दिनों लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला के साथ बैठक के लिए दिल्ली आए हुए हैं।
उद्धव ठाकरे के आवास पर फिलहाल महाअघाड़ी विकास सहयोगियों की बैठक जारी है। इस बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं कि आखिर इस बैठक में किन-किन मुद्दों पर बातचीत हो रही है। सरकार पर किसी तरह का संकट है या नहीं, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है। बीते कुछ दिनों से जो सियासी हलचल देखने को मिल रही है, उससे एक बात तो स्पष्ट है कि महाराष्ट्र में गठबंधन के बीच सबकुछ ठीक नहीं है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ें

