सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग: महराजगंज पुलिस को रेंज में पहला व प्रदेश में मिला आठवां स्थान
-जून की रैंकिंग में 79.20 प्रतिशत अंकों के साथ मारी बाजी, कानून-व्यवस्था की 30 योजनाओं में मिली ए-प्लस रैंकिंग महराजगंज पुलिस ने सीएम डैशबोर्ड की जून-

महराजगंज, निज संवाददाता। महराजगंज पुलिस ने सीएम डैशबोर्ड की जून-2026 की रैंकिंग में 79.20 प्रतिशत अंकों के साथ गोरखपुर रेंज में प्रथम एवं पूरे प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था से संबंधित 30 योजनाओं में शानदार कार्य करते हुए विभिन्न प्रमुख मानकों पर ए-प्लस रैंकिंग अर्जित कर जनपद का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड निगरानी प्रणाली
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड निगरानी प्रणाली है। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं, परियोजनाओं व प्राथमिकता वाले कार्यों की रीयल-टाइम समीक्षा व मूल्यांकन किया जाता है। यह प्रणाली विभागीय कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता, पारदर्शिता व प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के साथ-साथ जनसेवा से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग का एक प्रभावी माध्यम है।
मानीटरिंग व गुणवत्ता पूर्ण कार्य से मिली उपलब्धि
महराजगंज पुलिस को यह उपलब्धि शासन की प्राथमिकताओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन व समयबद्ध कार्रवाई के परिणामस्वरूप प्राप्त हुई है। जनसुनवाई, आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, पीआरवी रिस्पांस टाइम, अग्नि सुरक्षा एनओसी, अनुसूचित जाति/जनजाति से संबंधित अपराधों में प्रभावी कार्रवाई, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट व गोवध निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई, कर्मचारी व घरेलू सहायता सत्यापन, चरित्र प्रमाण-पत्रों का समयबद्ध निर्गमन, धारा-34 पुलिस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई, पुरस्कार घोषित व वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, पाक्सो एक्ट व महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं का निस्तारण तथा कुल पंजीकृत शिकायतों के प्रभावी निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर महराजगंज पुलिस को ए-प्लस रैंकिंग प्राप्त हुई है।
एसपी ने पुलिस टीम को दी बधाई, बेहतर पुलिसिंग के दिए निर्देश
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण, अनुशासन, टीमवर्क व कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। कहा कि यह उपलब्धि प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी के सतत् परिश्रम, उत्तरदायित्व व जनसेवा के प्रति समर्पित भावना का परिणाम है। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को भविष्य में भी जनसामान्य को संवेदनशील, पारदर्शी व प्रभावी पुलिस सेवाएं प्रदान करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने तथा शासन की अपेक्षाओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


