शिक्षा व शोध के क्षेत्र में महाराज का अहम योगदान
महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर लनामिवि के पीजी समाजशास्त्र विभाग द्वारा एक व्याख्यान का आयोजन हुआ। प्रो. ध्रुव कुमार ने उनके शिक्षा और सामाजिक विकास में योगदान की सराहना की। डॉ. आरएन चौरसिया ने उनके संसाधनों के उपयोग और दानशीलता की प्रशंसा की। कार्यक्रम में कई शिक्षकों और छात्रों ने भाग लिया।
राजीव रंजन झा,दरभंगा। लनामिवि के पीजी समाजशास्त्र विभाग व महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह चेयर के संयुक्त तत्वावधान में महाराजाधिरार डॉ. सर कामेश्वर सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को सामाजिक विकास में महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह का योगदान विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विभागाध्यक्ष सह सामाजिक विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. ध्रुव कुमार ने कहा कि महाराजाधिराज डॉ. कामेश्वर सिंह विलक्षण प्रतिभा के धनी एवं दूरदर्शी व्यक्तित्व के स्वामी थे। उन्होंने शिक्षा, शोध एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों से अनेक शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के विकास को गति मिली तथा उन्होंने उच्च शिक्षा के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्य अतिथि के विचार
मुख्य अतिथि विवि के एनएसएस समन्वयक डॉ. आरएन चौरसिया ने कहा कि महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह अपने समय के प्रतिष्ठित एवं समृद्ध राजाओं में गिने जाते थे। उन्होंने अपने संसाधनों का उपयोग शिक्षा, संस्कृति, समाज, स्वास्थ्य के विकास व समाज कल्याण के लिए किया। वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे, जिनकी दानशीलता प्रशंसनीय एवं अनुकरणीय है। उन्होंने संविधान सभा के सदस्य के रूप में 1930-31 के प्रथम एवं द्वितीय गोलमेज सम्मेलनों में भारतीय प्रतिनिधि के रूप में तथा बीएचयू में प्रो-चांसलर के रूप में सराहनीय कार्य किया।
शिक्षा में योगदान
मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अनिस अहमद ने महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह की शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान पर विस्तार से चर्चा की। विवि के उप कुलानुशासक डॉ. कामेश्वर पासवान ने कहा कि महाराजाधिराज कामेश्वर सिंह का शिक्षा के प्रति विशेष लगाव था। उन्होंने आजीवन शिक्षा के विस्तार एवं विकास के लिए कार्य किया और समाज में ज्ञान एवं शिक्षा के प्रसार को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का संचालन विभागीय शिक्षिका डॉ. सुनीता कुमारी ने किया। स्वागत डॉ. लक्ष्मी कुमारी, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सारिका पांडेय ने किया। इस अवसर पर डॉ. प्रमोद गांधी, शोधार्थी विशाल कुमार सहित विभाग के शिक्षक, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

