विष पीने को भी तैयार, लेकिन नहीं टूटेगा गठबंधन : राधाकृष्ण
कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व सहयोगी दलों से कर रहा बात, बारीकी से हो रहा विश्लेषण, महागठबंधन के अस्तित्व पर कोई ब्लैक स्पोर्ट पड़ने नहीं देंगे, गठबंधन अट

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। संसदीय कार्य और वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में हार सिर्फ कांग्रेस की नहीं है, पूरे महागठबंधन की हार है। इस पर गठबंधन के सभी लोगों को चिंतित होना चाहिए। कांग्रेस को विष पीना पड़े तो तैयार है, लेकिन गठबंधन अटूट रहेगा। महागठबंधन के अस्तित्व पर कोई ब्लैक स्पोर्ट पड़ने नहीं देंगे। हम एक थे, एक हैं और एक रहेंगे। वे शनिवार को कांग्रेस भवन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, विधायक दल के नेता, उप नेता, दो मत्रियों और सात अन्य विधायकों के साथ प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे।
महागठबंधन की स्थिति
मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि एक राज्यसभा चुनाव झारखंड का भविष्य तय नहीं कर सकता है। लोकसभा-विधानसभा चुनाव होगा, इसके लिए बैठकर सबकुछ तय करना होगा। राज्यसभा चुनाव जीत कर भाजपा एक फुट जमीन हासिल की है, पूरे झारखंड में महागठबंधन की सरकार है। उन्होंने कहा कि परिणाम आने के बाद प्रभारी ने बयान दिया। भवावेश में कोई बात रखता है। उस पर प्रतिकार रूप में राजद की ओर जिन शब्दों का प्रयोग हुआ, वह सही नहीं है। कांग्रेस समेत महागठबंधन का लक्ष्य है कि भाजपा को झारखंड में नहीं आने देना है। इस दिशा में बैठ कर आगे की रणनीति बनानी होगी।
कांग्रेस का धारा
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस या हमारे प्रत्याशी प्रणव झा की हार नहीं है। यह हार महागठबंधन की है। जो धोखा और विश्वासघात हुआ है, यह महागठबंधन और मुख्यमंत्री के साथ हुआ है। इमें इंतजार है कि मुख्यमंत्री इसकी जांच करेंगे और दोषी पर कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव के परिणाम को लेकर भाजपा और राजद की ओर से कांग्रेस प्रभारी और विधायकों पर लगाए जा रहे आरोप निराधार और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। कांग्रेस विधायक दल ने पूरी एकजुटता, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ महागठबंधन समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया है। हमारे शीर्ष नेतृत्व, सहयोगी दलों के शीर्ष नेतृत्व से बात कर रहे हैं। स्थिति का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है। इसलिए, हम अपने सहयोगी दलों से भी अपेक्षा करते हैं कि वे सार्वजनिक आरोप-प्रत्यारोप से बचें।
भविष्य की रणनीति
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि झारखंड में महागठबंधन की सरकार चलेगी। कांग्रेस सरकार से अलग नहीं होगी। भाजपा की दाल यहां नहीं गलने वाली है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन सिर्फ राज्यसभा चुनाव के लिए नहीं है। हम हारे हैं, क्योंकि भाजपा ने थैलीशाह को चुनाव में उतारा था। हॉर्स ट्रेडिंग के लिए चादर बिछाई गई थी। हमने तैयारी की थी, लेकिन इसमें सफल नहीं हुए। चूक हुई उस पर अब चर्चा न करें, चिंता करने की जरूरत है। शीर्ष नेतृत्व तक बात पहुंची है और विचार किया जा रहा है। कांग्रेस ने प्रभारी के. राजू के खिलाफ भाजपा-राजद के आरोपों का एकजुट होकर जवाब दिया। प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री, विधायकों ने एक स्वर में कहा कि के. राजू ईमानदार नेता हैं और उन्होंने पूरी ईमानदारी से अपना काम किया। कांग्रेस विधायकों ने इस पर उनका साथ दिया।
एकजुटता का प्रदर्शन
प्रेस कांफ्रेंस में विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, मंत्री इरफान अंसारी और शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक डॉ रामेश्वर उरांव, ममता देवी, श्वेता सिंह, सोना राम सिंकु, सुरेश बैठा, भूषण बाड़ा और रामचंद्र सिंह मौजूद थे और एक स्वर में पार्टी प्रत्याशी को वोट देने की बात कही। वहीं, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, निशत आलम, कुमार जयमंगल और नमन विक्सल कोंगाड़ी ने वीडियो जारी कर राज्यसभा चुनाव में गठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को मतदान करने की बात कही।


