जादू चमत्कार नहीं, विज्ञान और कौशल पर आधारित कला है
भगवानपुर हाट में रविवार को जादूगर मिलन समारोह आयोजित हुआ। विभिन्न क्षेत्रों के जादूगरों ने इसमें भाग लिया और जादू कला को आगे बढ़ाने पर विचार किया। उन्होंने जादू को स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की, ताकि नई पीढ़ी को जादू की शिक्षा मिले।

भगवानपुर हाट, एक संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय स्थित एक निजी विवाह भवन में रविवार को जादूगर मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे जादूगरों ने हिस्सा लिया। इस दौरान जादू कला से जुड़े कलाकारों ने आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने और इस पारंपरिक कला को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया।
कला के प्रति एकजुटता
जादूगरों ने कहा कि कला को जीवंत बनाए रखने के लिए कलाकारों के बीच एकजुटता और नई पीढ़ी को इससे जोड़ना जरूरी है। समारोह के दौरान जादूगरों ने जादू की विभिन्न कलाओं और आइटमों का प्रदर्शन कर दर्शकों का मनोरंजन किया। कलाकारों ने हाथ की सफाई, वस्तुओं को गायब करने और एक वस्तु को दूसरी वस्तु में बदलने समेत कई आकर्षक करतब प्रस्तुत किए। जादू के हैरतअंगेज प्रदर्शन को देखकर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और कलाकारों की कला की सराहना की।
स्कूलों में जादू की पाठ्यक्रम
जादूगर संजीव कुमार ने कहा कि एकता हमारी ताकत और जादू हमारी पहचान है। उन्होंने सरकार से जादू कला को मान्यता देने के साथ इसे स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे नई पीढ़ी का ध्यान जादू की शिक्षा और इस पारंपरिक कला की ओर आकर्षित होगा तथा विलुप्त होती जा रही इस कला को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जादू कोई चमत्कार नहीं, बल्कि विज्ञान और कौशल पर आधारित कला है। हालांकि आम लोग कई बार जादू के करतबों को चमत्कार समझ लेते हैं। कलाकारों ने कहा कि जादू की कला के प्रति लोगों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की भी जरूरत है। समारोह की अध्यक्षता जादूगर भुवनेश्वर प्रसाद सोनी ने की। कार्यक्रम में जादूगर आरके तिवारी हाजीपुर, ओपी सरकार पटना, महानंद जी पटना, मदन मोहन छपरा, राजन सोनपुर, विजय सीवान, गणेश गया, सूरदास, डॉ. विनोद पटेल हाजीपुर और ओमप्रकाश मांझी सहित कई जादूगर शामिल हुए। समारोह में कलाकारों ने जादू की कला के संरक्षण, कलाकारों की एकजुटता और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने को लेकर अपने विचार साझा किए।


