हाईकोर्ट ने छह पूर्व विधायकों के खिलाफ याचिका खारिज की
मद्रास हाईकोर्ट ने उस जनहित याचिका को खारिज कर दिया जिसमें पूर्व विधायकों से चुनाव का खर्च वसूलने और उन्हें भविष्य में चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित करने की मांग की गई थी। कोर्ट ने मामले को प्रचार पाने का प्रयास बताया और कहा कि चुनाव आयोग को ऐसे कदम उठाने का कानूनी अधिकार नहीं है।

चेन्नई, एजेंसी। मद्रास हाईकोर्ट ने उस जनहित याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें इस्तीफा देकर दोबारा उपचुनाव लड़ने वाले छह पूर्व विधायकों से चुनाव का खर्च वसूलने और उन्हें भविष्य में चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित करने की मांग की गई थी। हाईकोर्ट ने याचिका दायर करने वाले वकील पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। मुख्य न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन की पीठ ने कहा कि याचिका प्रचार पाने के उद्देश्य से दायर की गई लगती है। पीठ ने यह भी कहा कि पिछले सप्ताह ऐसी ही एक याचिका खारिज की जा चुकी है। कोर्ट ने कहा कि चुनाव आयोग के पास इनमें से कोई भी कदम उठाने का कानूनी अधिकार नहीं है और अदालत उसे ऐसी शक्तियां नहीं दे सकती, जो उसके पास नहीं हैं।
कोर्ट ने कहा कि यदि विधायकों को राजनीतिक निष्ठा बदलने के लिए इस्तीफा देकर तुरंत उसी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने से रोकना है, तो इसके लिए संसद को कानून बनाना होगा।

