मीनाक्षी मंदिर का अभिषेक समारोह 17 सितंबर को, तैयारियां जारी
तमिलनाडु के मंत्री आर. निर्मल कुमार ने मीनाक्षी अम्मन मंदिर के अभिषेक समारोह की तिथि 17 सितंबर निर्धारित की है। लाखों भक्तों के आगमन को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की उपस्थिति की संभावना कम है। श्रद्धालुओं को क्यूआर कोड वाले पास दिए जाएंगे और कई सार्वजनिक स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।

मदुरई. एजेंसी। तमिलनाडु के मंत्री आर. निर्मल कुमार ने शनिवार को कहा कि प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर के अभिषेक समारोह के लिए 17 सितंबर की तारीख तय की गई है। लाखों भक्तों के आने के कारण व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के इस समारोह में शामिल होने की संभावना कम है। उन्होंने कहा कि इस बारे में अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन इसकी संभावना कम है क्योंकि उस समय कुछ और कार्यक्रम भी तय हैं। साथ ही मुख्यमंत्री के दौरे से भीड़ और ज्यादा बढ़ जाएगी। मंत्री ने बताया कि मौजूदा योजना में अनुष्ठानों के दौरान मंदिर की छत पर 8,000 से 10,000 लोगों को जाने की अनुमति देने की बात है।
प्रवेश के लिए श्रद्धालुओं को क्यूआर कोड वाले होलोग्राफिक एंट्री पास जारी किए जाएंगे। मुख्य परिसर में प्रवेश न कर पाने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर कई एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। आसपास की इमारतों की संरचना का भी ऑडिट जारी है।


