तीन दिवसीय नाट्योत्सव में ‘महाभारत एक्सटेंशन’ पेश करेंगे इप्टा कलाकार
मधुबनी, निसं। बिहार इप्टा द्वारा सहरसा में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय नाट्योत्सव में मधुबनी इप्टा की टीम शामिल होगी। 'महाभारत एक्सटेंशन' नाटक का मंचन होगा, जिसमें सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इस नाट्योत्सव में गीत, नृत्य और लघु नाटक भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
मधुबनी, निसं। बिहार इप्टा के तत्वावधान में सहरसा में दो से चार अक्टूबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राज्य स्तरीय नाट्योत्सव में मधुबनी इप्टा की टीम भी शामिल होगी।
नाट्योत्सव का आयोजन
‘सच का रंगमंच: रंगों और विचारों का उत्सव’ नामक नाट्योत्सव का आयोजन सहरसा के आर्यावर्त वैली पाठशाला परिसर में किया जाएगा। भागलपुर, मधुबनी, सहरसा, छपरा, पटना और कटिहार सहित विभिन्न जिलों की इप्टा टीमें नाट्य प्रस्तुतियां देंगी।
मधुबनी इप्टा का नाटक
मधुबनी इप्टा की टीम की ओर से डा. वागीश कुमार झा द्वारा लिखित और रंजीत द्वारा निर्देशित नाटक ‘महाभारत एक्सटेंशन’ का मंचन किया जाएगा। इप्टा के सचिव रंजीत रॉय ने बताया कि नाटक के माध्यम से सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों के बीच आम लोगों की आवाज और जिम्मेदारी को सामने रखने का प्रयास किया गया है।
आयोजन की विशेषताएँ
उन्होंने कहा कि जब तक लोग खुद अपनी आवाज नहीं बनेंगे, तब तक किसी बाहरी सहारे की उम्मीद नहीं की जा सकती। इस आयोजन में मुख्य नाट्य मंचन के अलावा ‘रंग चबूतरा’ पर गीत, नृत्य और लघु नाटक भी प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही ‘रंग-विमर्श’ और ‘थिएटर की बातें, इप्टा के संग’ जैसे संवाद सत्र भी आयोजित होंगे। दल में रंजीत, रमेश, अभिषेक, प्रभात, सिमरन, रागनी, नित्या, पुष्ण, प्रीत, अंजली, पंचम प्रकाश, शिवम, धीरज और प्राची शामिल हैं।


