कसेरा टोला में जल्द लगेगी 5 बड़ी मशीन
बेतिया के कसेरा टोला में तांबे और पीतल के बर्तनों के निर्माण के लिए गुजरात के वेंडर से मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए 21 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री क्लस्टर डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत कारीगरों को प्रशिक्षण दिया गया है। कसेरा टोला का जीएसटी निबंधन नंबर भी मिल गया है।

बेतिया, हमारे संवाददाता। तांबे और पीतल के बर्तनों के निर्माण के लिए राज्य भर में प्रसिद्ध मझौलिया प्रखंड स्थित कसेरा टोला को गुजरात के वेंडर पांच मशीनें उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। मशीनों के उपलब्ध हो जाने से शीघ्र ही यहां पर अलग-अलग आकार के बर्तनों के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा । इसके लिए पूर्व में ही मशीन के वेंडर को 21 लाख की राशि का भुगतान किया जा चुका है। राज्य सरकार के निर्देश के तहत जिला प्रशासन के द्वारा मुख्यमंत्री क्लस्टर डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत कसेरा टोला का चयन किया गया है ताकि यहां के कारीगरों को वैश्विक बाजार उपलब्ध हो सके।
इसकी जानकारी देते हुए उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रोहित राज ने बताया कि कसेरा टोला के सभी कारीगरों को मुरादाबाद भेज कर प्रशिक्षित किया जा चुका है और अब शीघ्र ही मशीन भी उपलब्ध करा दी जाएगी। मुरादाबाद में बारी-बारी से सभी कारीगरों को प्रशिक्षण दिया गया है। कसेरा टोला को एक लंबे अरसे के बाद अपना जीएसटी निबंधन नंबर मिल चुका है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


